जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश से ठप हुआ हाईवे, हजारों ट्रक फंसे
जम्मू-कश्मीर में पिछले 15 दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बिगाड़ दी है। सड़क धंसने और लगातार हो रही रुकावटों के कारण हजारों ट्रक हाईवे पर फंसे पड़े हैं। इससे ड्राइवरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़..
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पिछले 15 दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बिगाड़ दी है। सड़क धंसने और लगातार हो रही रुकावटों के कारण हजारों ट्रक हाईवे पर फंसे पड़े हैं। इससे ड्राइवरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एक ड्राइवर ने बताया, “हमें हाईवे की स्थिति की कोई सही जानकारी नहीं मिल रही। हमारा पैसा और राशन खत्म हो चुका है। शौचालय और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी यहां मौजूद नहीं हैं। पंद्रह दिन से वही कपड़े पहने हुए हैं।”
ड्राइवरों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे को तुरंत दुरुस्त किया जाए। कुछ ट्रक चालकों ने पुलिस पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी पैसों के बदले कुछ गाड़ियों को आगे निकलने देते हैं, जबकि बाकी वाहनों को लंबे समय तक रोका जाता है।
इस बीच, जम्मू ट्रैफिक विभाग के एसएसपी फारूक कैसर ने कहा कि यह बेहद गंभीर स्थिति है और शायद ही कभी हाईवे इतने लंबे समय तक बंद रहा हो। उन्होंने बताया कि “बरसात और जमीन धंसने के कारण समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग मिलकर दिन-रात बहाली का काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही हाईवे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।”
उन्होंने यह भी साफ किया कि यह राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता है। इसलिए ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टरों से अपील है कि वे बिना जानकारी के यात्रा शुरू न करें और पहले ट्रैफिक विभाग से हालात की अपडेट जरूर लें।
What's Your Reaction?