ईडी निदेशक गुरुवार को कोलकाता कार्यालय का करेंगे दौरा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रमुख राहुल नवीन गुरुवार को कोलकाता का दौरा कर सकते हैं। वह एजेंसी के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय के कामकाज की समीक्षा करेंगे। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब हाल ही में राजनीतिक रणनीतिकार संस्था आई-पैक (I-PAC) के कार्यालय पर हुई छापेमारी एक कानूनी विवाद में बदल गई..
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के प्रमुख राहुल नवीन गुरुवार को कोलकाता का दौरा कर सकते हैं। वह एजेंसी के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय के कामकाज की समीक्षा करेंगे। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब हाल ही में राजनीतिक रणनीतिकार संस्था आई-पैक (I-PAC) के कार्यालय पर हुई छापेमारी एक कानूनी विवाद में बदल गई है।
अधिकारियों के अनुसार, ईडी निदेशक का कोलकाता कार्यालय का दौरा एक नियमित प्रक्रिया है। इस दौरान वह क्षेत्र में जांचाधीन सभी मामलों की समीक्षा करेंगे और कर्मचारियों से बातचीत करेंगे।
उन्होंने बताया कि नवीन अधिकारियों से कार्यालय की समग्र कार्यस्थितियों और कर्मियों व परिसर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी फीडबैक लेंगे। इसके अलावा, अदालतों में लंबित मामलों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि ईडी ने 8 जनवरी को राजनीतिक परामर्श कंपनी आई-पैक पर छापेमारी की थी, जो तृणमूल कांग्रेस (TMC) को भी सलाह देती है। एजेंसी का दावा है कि इस कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित सबूत अपने साथ ले गए।
इस मामले में ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की अपील भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई चल रही है।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ईडी आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आई-पैक के दफ्तर से पार्टी की चुनावी रणनीति से जुड़े दस्तावेज जब्त करने की कोशिश कर रही थी।
राहुल नवीन नियमित रूप से ईडी के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों का दौरा करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने जनवरी 2024 में दक्षिण 24 परगना जिले के संदेशखाली में एजेंसी की छापेमारी टीम पर हमले के बाद कोलकाता कार्यालय का दौरा किया था।
What's Your Reaction?