फ़ारूक अब्दुल्ला ने हज कोटा घटाए जाने की खबरों पर जताई चिंता, प्रधानमंत्री मोदी से दखल की मांग

नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को हज कोटा में कटौती की खबरों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है..

फ़ारूक अब्दुल्ला ने हज कोटा घटाए जाने की खबरों पर जताई चिंता, प्रधानमंत्री मोदी से दखल की मांग
15-04-2025 - 11:49 AM

श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने सोमवार को हज कोटा में कटौती की खबरों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर मुस्लिम की ख्वाहिश होती है कि वह जिंदगी में एक बार हज यात्रा जरूर करे  और ऐसे में इस मुद्दे को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।

अब्दुल्ला ने समाचार एजेंसी पीटीआई से इंटरव्यू में कहा, "मैं प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि वह इस मसले को सऊदी अरब की सरकार के सामने उठाएं। चूंकि प्रधानमंत्री उनके करीबी माने जाते हैं, इसलिए उन्हें ये बात रखनी चाहिए कि हजारों लोग अपनी पूरी जिंदगी की कमाई बचाकर हज यात्रा की तैयारी करते हैं।"

यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ विपक्षी नेताओं ने रविवार को हज कोटे में अचानक कटौती को लेकर चिंता जताई थी, हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

वक्फ संशोधन कानून पर पार्टी की स्थिति स्पष्ट

वक्फ (संशोधन) अधिनियम पर सवाल पूछे जाने पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही इस कानून के खिलाफ अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है।

"यह कानून संविधान के खिलाफ है। हमने सुप्रीम कोर्ट में अपील की है और हमें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा।"

उन्होंने जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठर द्वारा सदन में इस विषय पर चर्चा की अनुमति न देने का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा, "जब मामला पहले ही सुप्रीम कोर्ट में है, तो विधानसभा में इस पर चर्चा करना उचित नहीं था। अध्यक्ष का फैसला सही था।"

PDP और भाजपा पर भी निशाना

पिछले दिनों जम्मू बजट सत्र के अंतिम तीन दिनों के दौरान हुए हंगामे को लेकर जब उनसे विपक्ष द्वारा लगाए गए "फिक्स्ड मैच" जैसे आरोपों पर सवाल किया गया, तो अब्दुल्ला ने पीडीपी पर परोक्ष रूप से हमला किया। उन्होंने कहा, "औकाफ को स्टेट वक्फ बोर्ड में किसने बदला? यह मुसलमानों की संपत्ति थी। अगर उन्होंने (PDP ने) केंद्र से हाथ न मिलाया होता, तो आज अनुच्छेद 370 नहीं हटता।"

मुसलमानों को निशाना बना रही है सरकार”

फारूक अब्दुल्ला ने भाजपा पर अल्पसंख्यकों को टारगेट करने का आरोप लगाते हुए कहा, "केंद्र की सरकार हिंदू-मुस्लिम राजनीति करके चुनाव जीतना चाहती है। जब तक नफरत की राजनीति नहीं रुकेगी, देश खतरे में रहेगा।"

आतंकवाद और धारा 370 पर टिप्पणी

जम्मू क्षेत्र में हाल के आतंकवादी हमलों पर उन्होंने कहा कि भाजपा यह कहती थी कि धारा 370 आतंकवाद की वजह है लेकिन अब वह प्रावधान हट चुका है और फिर भी आतंकवाद जारी है।

"यह सब पड़ोसी देश (पाकिस्तान) कर रहा है। हमने उनसे शांति की अपील की थी, ताकि हम आगे बढ़ सकें, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। और सरकार की पाकिस्तान से बात करने की भी कोई मंशा नहीं दिख रही।"

अमेरिका की टैरिफ नीति और पार्टी नेता पर FIR

अमेरिका द्वारा भारत पर हालिया टैरिफ बढ़ोतरी को लेकर पूछे गए सवाल पर अब्दुल्ला ने कहा, "डोनाल्ड ट्रंप की अपनी सोच है। उनके लिए अमेरिका पहले है।" वहीं NC सांसद आगा रूहुल्ला पर लैंड स्कैम में ACB की FIR पर फारूक अब्दुल्ला ने कहा, "मुझे नहीं पता उन्हें नोटिस क्यों भेजा गया।"

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।