‘उनकी अपनी वजहें होंगी’: राहुल गांधी के 'मरी हुई अर्थव्यवस्था' वाले बयान से शशि थरूर ने बनाई दूरी, व्यापारिक चिंता जताई
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को राहुल गांधी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टिप्पणी का समर्थन करने पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ट्रम्प ने हाल ही में भारतीय अर्थव्यवस्था को "मरी हुई" (dead) बताया था। थरूर ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) के इस बयान के पीछे अपनी वजहें हो सकती हैं लेकिन..
नयी दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शनिवार को राहुल गांधी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की टिप्पणी का समर्थन करने पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ट्रम्प ने हाल ही में भारतीय अर्थव्यवस्था को "मरी हुई" (dead) बताया था। थरूर ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) के इस बयान के पीछे अपनी वजहें हो सकती हैं लेकिन भारत के लिए अमेरिका के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंध बनाए रखना बेहद आवश्यक है।
जब पत्रकारों ने राहुल गांधी के बयान पर उनकी प्रतिक्रिया मांगी, तो शशि थरूर ने कहा, "मैं अपने पार्टी नेता द्वारा कही गई बात पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। उन्होंने जो कहा, उसके पीछे उनकी अपनी वजहें रही होंगी। मेरी चिंता यह है कि अमेरिका के साथ हमारा रणनीतिक और आर्थिक संबंध हमारे लिए बेहद अहम है। हम अमेरिका को लगभग 90 अरब डॉलर के सामान का निर्यात कर रहे हैं। हम ऐसी स्थिति में नहीं हो सकते कि यह रिश्ता कमजोर हो या इससे कोई बड़ा नुकसान हो।"
थरूर ने आगे कहा,"हमें अपनी वार्ता करने वाली टीम को ताकत देनी चाहिए ताकि वे भारत के लिए उचित समझौता कर सकें। हमें दूसरे क्षेत्रों से भी निर्यात बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए ताकि अमेरिका से होने वाले संभावित नुकसान की कुछ भरपाई हो सके। हमें अपने वार्ताकारों का समर्थन करना होगा।"
राहुल गांधी ने ट्रम्प के बयान का समर्थन किया था
शशि थरूर की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी द्वारा गुरुवार को दिए गए एक बयान के बाद आई, जिसमें उन्होंने डोनाल्ड ट्रम्प के भारतीय अर्थव्यवस्था को "dead economy" कहने वाले बयान से सहमति जताई थी। राहुल गांधी ने कहा था, "हां, ट्रम्प सही कह रहे हैं। यह बात सभी को पता है, बस प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर। सबको पता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था अब मरी हुई अर्थव्यवस्था बन चुकी है। मैं खुश हूं कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने यह सच्चाई बताई है। पूरी दुनिया जानती है कि भारतीय अर्थव्यवस्था मर चुकी है। भाजपा ने इस देश की अर्थव्यवस्था को अडानी को फायदा पहुंचाने के लिए तबाह कर दिया है।"
पृष्ठभूमि: ट्रम्प की टिप्पणी और आर्थिक तनाव
बुधवार को डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए भारत से आयातित वस्तुओं पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी थी कि रूस से तेल आयात जारी रखने की स्थिति में और दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में तनाव बढ़ रहा है। एक तरफ अमेरिकी टैरिफ बढ़ा रहा है, तो दूसरी तरफ भारत रणनीतिक रूप से रूस से तेल आयात जारी रखे हुए है।
What's Your Reaction?