"मैं पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा देता हूं," पीएम मोदी ने 'मन की बात' में कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (27 अप्रैल) को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 121वें एपिसोड में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की..

"मैं पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा देता हूं," पीएम मोदी ने 'मन की बात' में कहा
28-04-2025 - 01:52 PM
22-04-2026 - 05:53 PM

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (27 अप्रैल) को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 121वें एपिसोड में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की।
पीएम मोदी ने कहा, "आज जब मैं आपसे दिल की बात कर रहा हूं, तो मेरे दिल में एक गहरा दर्द है। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले ने हर देशवासी का दिल तोड़ दिया है। हर कोई पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना महसूस कर रहा है... मैं समझ सकता हूं कि हर नागरिक आतंकवादी हमले की तस्वीरें देखकर क्रोधित है। आतंकवादी और उनके आका फिर से कश्मीर को बर्बाद करना चाहते हैं।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों का यह हमला जम्मू-कश्मीर की आर्थिक प्रगति को पटरी से उतारने की बेताब कोशिश है।
उन्होंने कहा कि 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर में अभूतपूर्व आर्थिक विकास और पर्यटन में तेजी देखी गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में रौनक लौट रही थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटन बढ़ रहा था और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे थे, तब देश और जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह सब अच्छा नहीं लगा। आतंकवादी फिर से कश्मीर को तबाह करना चाहते हैं।

'दुनिया भारत के साथ खड़ी है'
पीएम मोदी ने बताया कि पहलगाम हमले के बाद दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें फोन करके या पत्र भेजकर भारत के प्रति एकजुटता व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने कहा,"दुनिया भर के नेताओं ने मुझे कॉल किया, पत्र लिखे और संदेश भेजे। सभी ने इस जघन्य आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है... आतंक के खिलाफ भारत की लड़ाई में 1.4 अरब भारतीयों के साथ पूरी दुनिया खड़ी है," 

पीएम मोदी ने पीड़ितों और उनके परिवारों को न्याय दिलाने का वादा करते हुए कहा कि इस हमले के साजिशकर्ताओं और हमलावरों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि यह पीएम मोदी की इस हमले पर दूसरी सार्वजनिक प्रतिक्रिया है। हमले के समय प्रधानमंत्री सऊदी अरब में द्विपक्षीय वार्ता के लिए मौजूद थे लेकिन उन्होंने अपनी यात्रा बीच में छोड़कर भारत लौटने का फैसला किया।

इससे पहले इसी सप्ताह बिहार में एक भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, "आज बिहार की धरती से मैं पूरी दुनिया को कह रहा हूं कि भारत हर आतंकवादी और उनके आकाओं को खोज निकालेगा, चिन्हित करेगा और सजा देगा। हम उन्हें धरती के अंतिम छोर तककर पकड़ेंगे। आतंकवाद भारत की भावना को तोड़ नहीं सकता।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी दोहराया कि आतंकवाद को बख्शा नहीं जाएगा और मासूम लोगों की जान लेने वालों को ऐसा दंड मिलेगा जिसकी वे कल्पना भी नहीं कर सकते।

भारत ने पहले ही पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक कदम उठाए हैं। खुफिया एजेंसियों ने हमले में इस्लामाबाद की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका के संकेत दिए हैं।
भारत ने सिंधु जल संधि (Indus Water Treaty), जो एक महत्वपूर्ण जल बंटवारा समझौता है, को भी स्थगित कर दिया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।