भारत ने शुरू किया 'ऑपरेशन सिंधु', ईरान में फंसे भारतीयों की वापसी का मिशन शुरू
ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच भारत ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत की, जिसके तहत युद्धग्रस्त ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा रहा है..
नयी दिल्ली। ईरान और इज़राइल के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच भारत ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत की, जिसके तहत युद्धग्रस्त ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा रहा है।
इवैक्युएशन मिशन के शुरू होते ही ऐसी खबरें सामने आईं कि तेहरान के केशावरज़ स्ट्रीट इलाके में मेडिकल छात्रों के हॉस्टल पर हुए एक हमले में कुछ भारतीय छात्र घायल हुए हैं।
दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय लगातार तेहरान में भारतीय मिशन के संपर्क में है।
हालांकि, भारतीय पक्ष की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी अब तक नहीं की गई है।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने बयान जारी कर कहा, "भारत विदेशों में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा और जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है।"
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ईरान में 4,000 से अधिक भारतीय नागरिक रह रहे हैं, जिनमें से लगभग आधे छात्र हैं।
एमईए ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान के उत्तरी हिस्से से 110 भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाला है। इन छात्रों को भारत की ईरान और आर्मेनिया में मौजूद मिशनों के समन्वय में सड़क मार्ग से आर्मेनियाई राजधानी येरेवन ले जाया गया।
विदेश मंत्रालय ने कहा, "ये छात्र 18 जून को दोपहर 2:55 बजे विशेष उड़ान से येरेवन से रवाना हुए और 19 जून की तड़के नई दिल्ली पहुंच गए, जो 'ऑपरेशन सिंधु' के शुरुआती चरण का हिस्सा है।"
भारत सरकार ने ईरान और आर्मेनिया की सरकारों को इस सुरक्षित निकासी प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए धन्यवाद दिया है।
ईरान और इज़राइल के बीच जारी संघर्ष के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए भारत ने बीते कई दिनों से ईरान में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए विभिन्न कदम उठाए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा, "ऑपरेशन के तहत तेहरान स्थित भारतीय दूतावास उन क्षेत्रों से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद कर रहा है, जहां संघर्ष बढ़ा है। उन्हें पहले अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है और फिर उपलब्ध व उपयुक्त विकल्पों के माध्यम से निकाला जा रहा है।"
साथ ही मंत्रालय ने अपील की, "ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध है कि वे तेहरान स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी आपातकालीन हेल्पलाइन से संपर्क में रहें और नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय द्वारा स्थापित 24x7 कंट्रोल रूम से भी जुड़कर अपडेट लेते रहें।"
What's Your Reaction?