दीवाली पर ‘सिर्फ हिंदुओं से खरीदारी करें’ बयान पर एनसीपी में बवाल..अजित पवार नाराज, विधायक संग्राम जगताप को कारण बताओ नोटिस जारी होगा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार ने शनिवार को कहा कि पार्टी विधायक संग्राम जगताप के विवादित बयान पर उन्हें कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) जारी किया..
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख अजित पवार ने शनिवार को कहा कि पार्टी विधायक संग्राम जगताप के विवादित बयान पर उन्हें कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) जारी किया जाएगा।
दरअसल, अहमदनगर विधानसभा सीट से विधायक संग्राम जगताप ने कथित तौर पर लोगों से अपील की थी कि दीवाली पर केवल हिंदू दुकानदारों और व्यापारियों से खरीदारी करें। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया पैदा की है।
अजित पवार ने इस बयान को पार्टी की विचारधारा के खिलाफ बताते हुए कहा, “यह बयान पूरी तरह गलत है। जब पार्टी की नीतियां और उद्देश्य पहले से तय हैं, तो किसी विधायक को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए। यह पार्टी के लिए अस्वीकार्य है। हम उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजेंगे।”
पवार ने आगे कहा कि “जब अरुणकाका जगताप (संग्राम जगताप के पिता) जीवित थे, तब अहमदनगर में सब कुछ ठीक था। अब हमें अतिरिक्त बोझ महसूस हो रहा है। कुछ लोगों को यह याद रखना चाहिए कि अपने पिता के संरक्षण के बिना उन्हें जिम्मेदारी से व्यवहार और बातचीत करनी चाहिए।”
एनसीपी नेतृत्व का यह रुख साफ करता है कि पार्टी धार्मिक आधार पर किसी भी प्रकार की बहिष्कार या भेदभाव की अपील को मंजूरी नहीं देगी।
What's Your Reaction?