आरसीबी विजय जुलूस भगदड़ हादसा: बेंगलुरु में 11 लोगों की मौत, 33 घायल, सीएम सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख मुआवज़े का ऐलान
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को बताया कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के जश्न के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए।
बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को बताया कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के जश्न के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए।
सीएम सिद्धारमैया ने कहा, “हमारी उम्मीद से कहीं ज़्यादा लोग आरसीबी के जश्न में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 2-3 लाख से अधिक लोग एकत्रित हो गए थे, इतनी भीड़ की किसी को उम्मीद नहीं थी।”
उन्होंने कहा, “आरसीबी के इस जश्न में जिनकी मौत हुई है, उनमें ज़्यादातर युवा हैं। सरकार मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख का मुआवज़ा देगी। सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “मैं इस त्रासदी का बचाव नहीं करना चाहता। मजिस्ट्रेट जांच के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।”
सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि इस हादसे को लेकर बीजेपी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा, “लेकिन मैं राजनीति नहीं करना चाहता।”
वहीं, कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने इस घटना की जांच की मांग की है। हादसे के बाद विजयेंद्र बोवरिंग एंड लेडी कर्ज़न अस्पताल पहुंचे और वहां घायलों से मुलाकात की।
सीएम सिद्धारमैया ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ में लोगों की मौत पर शोक जताया। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा,
“बेंगलुरु में आरसीबी टीम की जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ की खबर सुनकर अत्यंत दुख हुआ है, जिसमें कई लोगों की मौत हुई है और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दुखद घटना ने जीत की खुशी को भी फीका कर दिया है।”
उन्होंने आगे लिखा, “ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और जो घायल हैं, वे जल्द से जल्द ठीक हों। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।”
सिद्धारमैया ने यह भी बताया कि आरसीबी टीम को विजय जुलूस की अनुमति नहीं दी गई थी क्योंकि आशंका थी कि भीड़भाड़ के कारण कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
“फिर भी, स्टेडियम के पास लोगों की भीड़ के कारण भगदड़ हो गई और यह हादसा हुआ। मैं जनता से अपील करता हूं कि वे समझें — जीवन, प्रेम और उत्साह से भी अधिक महत्वपूर्ण है। कृपया सुरक्षा को प्राथमिकता दें।”
What's Your Reaction?