अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायविग को मिलेगा
रॉयल स्वीडिश अकेडमी ऑफ साइंसेज ने अर्थशास्त्र विषय में बेन एस बर्नानके (Ben S Bernanke), डगलस डब्ल्यू डायमंड (Douglas Diamond) और फिलिप एच डायबविग (Philip H Dybvig) के लिए नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की है। इन तीनों अर्थशास्त्रियों को संयुक्त रूप से यह पुरस्कार दिया जाएगा। इन तीनों को ‘बैंकों पर शोध, वित्तीय संकट’ के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा।
नोबेल पुरस्कार समिति ने कहा है कि तीनों पुरस्कार विजेताओं ने वित्तीय संकट के दौरान अर्थव्यवस्था में बैंकों की भूमिका के बारे में हमारी समझ में काफी सुधार किया है। इन तीनों द्वारा की गई शोध खोज में बैंकों के पतन से बचना क्यों जरूरी है, इसे बेहद महत्वपूर्ण समझा गया है।
अर्थशास्त्र विषय के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार का पहला विजेता साल 1969 में चुना गया था। वर्ष 2021 में अर्थशास्त्र का नोबेल डेविड कार्ड और जोशुआ एंग्रिस्ट और गुइडो इंबेन्स को दिया गया था। डेविड कार्ड को यह पुरस्कार उनके शोध ‘न्यूनतम मजदूरी, आप्रवासन और शिक्षा कैसे श्रम बाजार को प्रभावित करते हैं’ के लिए मिला था।
उल्लेखनीय है कि नोबेल पुरस्कार के तहत एक करोड़ स्वीडिश क्रोनर (लगभग नौ लाख अमेरिकी डॉलर) का नकद पुरस्कार दिया जाता है। पुरस्कार 10 दिसंबर को प्रदान किया जाएगा। अन्य नोबेल पुरस्कारों के विपरीत, अर्थशास्त्र के पुरस्कार का उल्लेख अल्फ्रेड नोबेल की 1895 की वसीयत में नहीं था। वास्तविकता यह है कि इस पुरस्कार की शुरुआत उनकी स्मृति में स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने की थी।
What's Your Reaction?