ग्रीस नाव हादसा: पाकिस्तानियों को जबरन खतरनाक एरिया में बैठाया गया
<p><em><strong>बुधवार को ग्रीस में प्रवासियों से भरा जहाज समुद्र में डूब गया था। इस नाव पर 700 से ज्यादा लोग सवार थे। इसमें 400 से ज्यादा पाकिस्तानी नागरिक थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस नाव हादसे में कम से कम 298 पाकिस्तानियों की जान चली गई है।</strong></em></p>
पिछले बुधवार को ग्रीस के दक्षिणी तट पर पेलोपोनीज क्षेत्र से करीब 75 किलोमीटर दूर प्रवासियों से भरी नाव डूब गई थी। नाव में 750 लोगों के सवार होने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, 500 से भी ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। इस नाव पर पाकिस्तान, मिस्र और सीरिया के नागरिक सवार थे। पाकिस्तान के लोकल मीडिया के मुताबिक, इस नाव हादसे में कम से कम 298 पाकिस्तानियों की जान चली गई है। इसी बीच रविवार को आई एक रिपोर्ट ने सबको चैंका दिया है।
ब्रिटिश डेली न्यूजपेपर ‘द गार्जियन’ के मुताबिक, नाव हादसे में बचे प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पाकिस्तान के सैकड़ों नागरिकों को जबरन निचली डेक में बैठने पर मजबूर किया गया था। निचली डेक जहाज का सबसे खतरनाक हिस्सा था और वहां बैठे लोगों के बचने की संभावना बहुत कम बताई जा रही है।रिपोर्ट में दावा किया गया है, नाव हादसे के बारे में जो जानकारियां सामने आ रही हैं, उससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या ग्रीस कोस्टगार्ड इस हादसे में अपनी भूमिका को छुपाने की कोशिश कर रहा था? लगभग 500 लोग अभी भी लापता हैं। यह भी जानकारी सामने आई है कि महिलाओं और बच्चों को नाव पर चढ़ने के लिए मजबूर किया गया।
पाकिस्तानियों को जबरन निचली डेक में बैठाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से दी गई जानकीरी के अनुसार, पाकिस्तानियों को निचली डेक में बैठने के लिए मजबूर किया गया। वहीं, अन्य देश के नागरिकों को ऊपरी डेक में बैठने की अनुमति दी गई थी। ऊपरी डेक में बैठने वाले लोगों के नाव डूबने के बाद बचने की संभावना अधिक थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी इस बात की पुष्टि की है कि जीवित बचे 78 लोगों में से केवल 12 ही पाकिस्तानी हैं। वहीं, इस हादसे से बचे लोगों में एक भी महिला या बच्चा नहीं है।
नाव पर सवार थे 400 पाकिस्तानी
रिपोर्ट के मुताबिक, इस नाव पर करीब 400 पाकिस्तानी सवार थे। पाकिस्तानी अखबार के मुताबिक, इस नाव हादसे से सैकड़ों पाकिस्तानी नागरिकों की मौत होने की आशंका है। वहीं, पाकिस्तान के स्थानीय मीडिया ने बताया है कि इस हादसे में कम से कम 298 पाकिस्तानियों की जान चली गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने नौका डूबने की घटना को भयावह करार दिया है।
What's Your Reaction?