जिस होटल से बरसे जलाभिषेक यात्रा पर पत्थर, हरियाणा सरकार ने उसे ‘मिट्टी में मिलाया’
<p><em><strong>हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के बाद बुलडोजर का ऐक्शन जारी है। प्रशासन ने उपद्रवियों की ओर से जिन जगहों पर पत्थरबाजी की थी, उन पर कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के चैथे दिन रविवार को सहारा रेस्टोरेंट नूंह पर बुलडोजर चला।</strong></em></p>
नूंह में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा पर पथराव मामले के बाद अवैध निर्माणों पर बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है। हिंसा में जहां-जहां से उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की गई थी। अब जिला प्रशासन की ओर से उन जगहों को चिन्हित कर उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय नूंह शहर में नल्हड़ मोड़ के ठीक सामने बाइक शोरूम के गोदाम से सटे सहारा रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चला है। तीन मंजिला सहारा रेस्टोरेंट के भवन को जमींदोज कर दिया गया है।
चंद मिनट में जमींदोज
दरअसल बीते 31 जुलाई को शोभायात्रा में हुई हिंसा के दौरान भारी भीड़ इन ऊंचे मकानों पर चढ़ गई थी और जमकर पथराव किया गया था। जिस बाइक गोदाम में बाइक लूट और आगजनी की बात सामने आई थी, उसकी दीवार इस सहारा रेस्टोरेंट से पूरी तरह से सटी हुई है। इस सहारा रेस्टोरेंट को जमींदोज करने के लिए बड़ी क्रेन जेसीबी मशीन को बुलाया गया था। इसकी ऊंचाई काफी ज्यादा थी, जिसने तीन मंजिला सहारा रेस्टोरेंट के भवन को चंद मिनट में जमींदोज कर दिया।
8 बजे के बाद सहारा रेस्टोरेंट पर पीला पंजा चला
तोड़फोड़ की इस कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा भारी सुरक्षा व्यवस्था यहां पर देखने को मिली। अतिक्रमण के साथ-साथ जिन भवनों से पथराव किया गया था। उन पर जिला प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। तोड़फोड़ अभियान के चैथे दिन सुबह तकरीबन 8 बजे के बाद सहारा रेस्टोरेंट पर पीला पंजा चला। अभी भी प्रशासन की तोड़फोड़ कार्रवाई अगले कुछ दिनों तक देखने को मिल सकती है।
लगातार बुलडोजर का ऐक्शन
शनिवार को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज के पास ढाई एकड़ से अधिक जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए 45 से अधिक अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ढहा दिया गया। अडबर चैक से तिरंगा चैक पर भी अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। तावड़ू सोहना मार्ग पर भी भारी पुलिस बल के साथ बड़े पैमाने पर अवैध कब्जों को लेकर कार्रवाई हुई।
पहले ही नोटिस दिया था
15 अस्थाई अवैध स्ट्रक्चर भी दस्ते ने गिराए। अवैध निर्माण के मालिकों को प्रशासन की ओर से पहले ही नोटिस दे दिए गए थे। नूंह के एसडीएम अश्विनी कुमार ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान हिंसा में इन अवैध निर्माण मालिकों के शामिल होने की बात पता चली है। इसे लेकर ये कार्रवाई की गई है।
What's Your Reaction?