क्या सोनिया गांधी ले चुकी हैं राजनीति से संन्यास? रायपुर में भावुक बयान के बाद कयासों का बाजार गर्माया
<p><em><strong>कांग्रेस पार्टी के रायपुर महाअधिवेशन के दौरान सोनिया गांधी ने भावुक भाषण के दौरान साल 1998 में पहली बार कांग्रेस अध्यक्ष बनने से लेकर अब तक करीब 25 साल के सफर की चर्चा करते हुए उपलब्धियों की भी बात की। सोनिया के भाषण के बाद उनके राजनीति से संन्यास की अटकलें लगने लगीं।</strong></em></p>
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस का अधिवेशन चल रहा है। इस अधिवेशन के दौरान पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भावुक भाषण दिया। सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी यात्रा का जिक्र किया और सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद किया। इस दौरान बतौर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सफर और पार्टी के लिए योगदान को दर्शाता एक वीडियो भी प्ले किया गया।
सोनिया गांधी के संबोधन के बाद इस तरह की अटकलें तेज हो गईं कि सोनिया गांधी ने अब सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया है। सोनिया गांधी के भावुक भाषण के बाद उनके सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने के कयास लगने लगे। दरअसल, कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में एक वीडियो प्ले किया गया, जिसमें सोनिया गांधी के पार्टी के प्रति योगदान और उनकी उपलब्धियों को दर्शाया गया था। सोनिया गांधी ने इस वीडियो के बाद भावुक संबोधन दिया और कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष और यूपीए शासन के समय के अपने कार्यकाल को लेकर कही गई बातों के लिए सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने ये भी कहा कि साल 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद से अब तक 25 साल में हमने बड़ी उपलब्धियां भी हासिल कीं और निराशा का समय भी देखा। सोनिया गांधी ने 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में मनमोहन सिंह के नेतृत्व में मिली जीत को बड़ी उपलब्धि बताया।
‘मनमोहन सिंह के नेतृत्व में अच्छी सरकार दी’
रायपुर में बोलीं सोनिया गांधी कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि इससे मुझे व्यक्तिगत संतोष मिलता है लेकिन जो बात मेरे लिए सबसे अधिक संतोषजनक है, वो ये कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर आई है। सोनिया गांधी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की भी तारीफ की और इसके लिए बधाई भी दी।
बीजेपी पर जमकर बोला हमला
सोनिया गांधी ने अपने संबोधन के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर हमला बोला और भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर बीजेपी-आरएसएस का कब्जा है और सरकार संवैधानिक मूल्यों को कुचल रही है। भारत जोड़ो यात्रा ने कांग्रेस के जनता से जुड़ाव को जीवंत किया है। सोनिया गांधी ने ये भी कहा कि आज देश और कांग्रेस पार्टी के लिए चुनौतीपूर्ण समय है।
राहुल ने मुश्किल यात्रा को किया मुमकिन
सोनिया गांधी ने अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी और उनकी भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुश्किल यात्रा को राहुल गांधी ने मुमकिन कर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की ताकत बताया और कहा कि पार्टी देश हित के लिए लड़ेगी। सोनिया गांधी ने निजी हितों को किनारे रखकर अनुशासन के साथ काम करने का मंत्र दिया।
लगने लगे सोनिया के संन्यास के कयास
सोनिया गांधी के इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में नई चर्चा छिड़ गई। सोनिया गांधी के पारी को विराम देने वाले बयान को लेकर ये कयास लगाए जाने लगे कि उन्होंने सक्रिय राजनीति में अपनी पारी को विराम देने के संकेत दे दिए हैं। सोनिया गांधी के संन्यास को लेकर चर्चा शुरू हुई तो कांग्रेस के नेताओं ने इसे लेकर मोर्चा संभाल लिया।
अटकलों पर आई कांग्रेस नेता की सफाई
सोनिया गांधी की करीबी और छत्तीसगढ़ कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने उनके इस बयान को लेकर सफाई देते हुए संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका ये बयान बतौर अध्यक्ष खत्म हुए कार्यकाल को लेकर था।
What's Your Reaction?