जिन सीटों पर भाजपा में हो रहा भारी ‘बवाल’, वहां कांग्रेस करने जा रही ये खेला !

<p><em><strong>भाजपा की पहली सूची में विद्याधर नगर और झोटवाड़ा से सांसदों को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब कांग्रेस भी इन सीटों पर मजबूत दावेदार तलाशने में जुटी है।</strong></em></p>

जिन सीटों पर भाजपा में हो रहा भारी ‘बवाल’, वहां कांग्रेस करने जा रही ये खेला !
13-10-2023 - 02:17 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

भाजपा की पहली सूची में विद्याधर नगर और झोटवाड़ा से सांसदों को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद अब कांग्रेस भी इन सीटों पर मजबूत दावेदार तलाशने में जुटी है। पार्टी की निगाहें विद्याधर नगर पर जमी है। यहां से भाजपा ने जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य और राजसमंद से मौजूदा सांसद दीया कुमारी को विधायक नरपत सिंह राजवी का टिकट काटकर प्रत्याशी बनाया है। 
विद्याधर नगर: महिला और वैश्य वर्ग को मौका
विद्याधर नगर में पिछली बार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीताराम अग्रवाल प्रत्याशी थे। चर्चा है कि यहां से कांग्रेस इस बार महिला और वैश्य वर्ग को ही मौका दे सकती है। इनमें जयपुर की पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल और बाल आयोग की सदस्य संगीता गर्ग सहित शहर की कुछ पूर्व और वर्तमान महिला पार्षद दावेदार बताई जा रही हैं। विद्याधर नगर में पूर्व में दो बार प्रत्याशी रह चुके विक्रम सिंह शेखावत की नजरें अब श्रीमाधोपुर सीट पर बताई जा रही है। 
झोटवाड़ा: कटारिया या उनके परिवार में किसी को टिकट 
झोटवाड़ा में सांसद राज्यवर्धन के सामने मौजूदा विधायक और मंत्री लालचंद कटारिया या उनके परिवार में किसी को टिकट दिया जा सकता है। हालांकि कटारिया आमेर जाते हैं तो उनके साथ परिवार के किसी सदस्य को भी टिकट मिलना मुश्किल है। ऐसे में यहां से कोई नया नाम सामने आ सकता है।

मालवीय नगर में भी महिला !
कांग्रेस के लिए अब तक कमजोर सीट रही मालवीय नगर में इस बार भी पार्टी अर्चना शर्मा पर दांव खेल सकती है। भाजपाई खेमे में कालीचरण सराफ के टिकट पर संकट की चर्चाएं सामने आने के बाद कांग्रेस अर्चना को मजबूत दावेदार मान रही हैं। अर्चना गत चुनाव में भी सराफ से नजदीकी मुकाबले में करीब 1700 वोटों से ही हारी थीं। यहां से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री के नजदीकी राजीव अरोड़ा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव महेश शर्मा और संजय बापना भी दावेदार हैं। इनमें अरोड़ा और बापना को पार्टी एक-एक बार प्रत्याशी बना चुकी है।
परकोटे की तीन सीटों में से दो पर होंगे मुस्लिम चेहरे !
कांग्रेस ने गत चुनाव में परकोटे की तीन सीटों किशनपोल, हवामहल और आदर्श नगर जीतकर चैंकाया था। इन दोनों ही सीटों पर मुस्लिम प्रत्याशी अमीन कागजी और रफीक खान विजयी रहे थे। इस बार भी पार्टी इन तीन सीटों में से दो पर मुस्लिम चेहरों के रूप में इन दोनों को मौका दे सकती है। हालांकि किशनपोल से मुस्लिम चेहरा सामने नहीं आने पर पार्टी यहां से किसी वैश्य वर्ग के नेता को भी मौका दे सकती है। इनमें गिरिराज खंडेलवाल और पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल के नाम भी चर्चा में हैं। ज्योति की पहली पसंद यही सीट रही है। पिछली बार भी वे यहां से प्रबल दावेदार थीं। हवामहल से मौजूदा विधायक महेश जोशी के अलावा पूर्व मंत्री बृजकिशोर शर्मा और सुनील शर्मा भी दावेदारों में हैं। सिविल लाइंस से मौजूदा विधायक और मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को ही रिपीट करने की चर्चाएं हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।