पीएम मोदी,अमित शाह और जेपी नड्डा आएंगे नए सीएम भजनलाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में, प्रशासन तैयारियों में जुटा
<p>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा 15 दिसंबर को राजस्थान के मनोनीत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। समारोह के संबंध में बुधवार को भाजपा राज्य कार्यालय में एक व्यवस्था बैठक आयोजित की गई। राज्यपाल कलराज मिश्र ने राज्य के मनोनीत मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को बधाई और शुभकामना देते हुए उनके द्वारा प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम का अनुमोदन किया है। राज्यपाल मिश्र द्वारा उन्हें 15 दिसंबर को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित किया गया है।</p>
राज्यपाल मिश्र 15 दिसंबर 2023 को रामनिवास बाग, जयपुर में मुख्यमंत्री के रूप में भजन लाल शर्मा को एवं दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा को मंत्रिमंडल सदस्य की शपथ दिलाएंगे।
मुख्य सचिव उषा शर्मा ने बुधवार को शासन सचिवालय में 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री एवं मंत्रीपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित सभी नवनिर्वाचित विधायकों एवं अति विशिष्ट मेहमानों को बैठने की व्यवस्था को लेकर व्यापक निर्देश दिए। उन्होंने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाग लेने वाले जन प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों को नियत स्थान तक बस से ले जाने की सुचारू व्यवस्था करने के साथ ही जेएलएन मार्ग स्थित पेड़ों की कटाई—छंटाई एवं साफ—सफाई को लेकर भी निर्देश दिए।
बैठक में डीजीपी उमेश मिश्रा, राज्यपाल के प्रमुख शासन सचिव सुबीर कुमार, प्रमुख शासन सचिव गृह आनंद कुमार, सचिव सामान्य प्रशासन दिनेश कुमार, सचिव टी रविकांत, जेडीसी जोगाराम, जीएडी प्रमुख सचिव दिनेश कुमार, पीडब्ल्यूडी प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया, एलएसजी निदेशक हृदेश कुमार, पुलिस आयुक्त बीजू जोसेफ जॉर्ज एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक अरुण जोशी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
What's Your Reaction?