शिखर धवन ने लाइव शो में अंबाती रायडू की कर दी मज़ेदार खिंचाई, कहा – ‘वहां भी बैन हो गए, सेमीफाइनल गया’
आईपीएल 2025 अपने पूरे जोरों पर है और इस सीजन में ब्रॉडकास्टर्स ने कमेंट्री और एक्सपर्ट पैनल में कई नए चेहरों को पेश किया है। शिखर धवन और अंबाती रायडू भी इन्हीं नए चेहरों में शामिल हैं
नयी दिल्ली। आईपीएल 2025 अपने पूरे जोरों पर है और इस सीजन में ब्रॉडकास्टर्स ने कमेंट्री और एक्सपर्ट पैनल में कई नए चेहरों को पेश किया है। शिखर धवन और अंबाती रायडू भी इन्हीं नए चेहरों में शामिल हैं। रायडू ने आखिरी बार IPL 2023 के फाइनल में GT के खिलाफ CSK के लिए खेला था, वहीं धवन ने पिछला IPL सीजन खेला था।
ये दोनों भारत के लिए सीनियर और अंडर-19 स्तर पर टीममेट रह चुके हैं। खासकर 2004 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में, जहां रायडू कप्तान थे और धवन टीम का हिस्सा। हाल ही में स्टार स्पोर्ट्स पर आकाश चोपड़ा के साथ बातचीत में, धवन ने रायडू से जुड़ा एक मज़ेदार किस्सा शेयर किया, जिस पर सभी हंसने लगे।
‘वहां भी बैन हो गए थे, हमारा सेमीफाइनल गया’ – शिखर धवन
शो में धवन ने कहा:
“अंबाती रायडू का बहुत बड़ा नाम था अंडर-19 में। हमारे कप्तान थे अंडर-19 वर्ल्ड कप में और वहां भी बैन हो गए थे, हमारा सेमीफाइनल मर गया।”
यह बात सुनकर आकाश चोपड़ा हंसी रोक नहीं पाए और शुरुआत में थोड़े असहज दिखे रायडू भी आखिरकार हंसने लगे।
धवन का यह मज़ाक दरअसल 2004 के वर्ल्ड कप से जुड़ा था, जब रायडू को ICC कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के चलते सेमीफाइनल से एक मैच के लिए बैन कर दिया गया था। उन पर जानबूझकर समय बर्बाद करने और अनुशासनहीनता का आरोप था।
रायडू का विवादों से रहा है पुराना नाता
धवन की यह चुटकी रायडू के 2007 के BCCI बैन की भी अप्रत्यक्ष याद दिलाती है, जब उन्होंने बगावती ICL लीग (इंडियन क्रिकेट लीग) में हिस्सा लिया था। उस समय BCCI ने सभी खिलाड़ियों को चेतावनी दी थी कि कोई भी ICL में नहीं खेलेगा।
रायडू ने इसके बावजूद हैदराबाद हीरोज के लिए खेला और बैन झेला।
बाद में 2009 में BCCI ने 79 ICL खिलाड़ियों को राहत दी, और रायडू ने दोबारा रणजी क्रिकेट में वापसी की।
2019 वर्ल्ड कप से ड्रॉप हुए, तब भी ली थी चुटकी
रायडू को 2019 के वर्ल्ड कप स्क्वॉड से बाहर किया गया था। जब चयनकर्ताओं ने विजय शंकर को “3D प्लेयर” बताकर टीम में लिया, तो रायडू ने तंज कसते हुए ट्वीट किया था कि उन्होंने अब 3D चश्मा खरीद लिया है।
बाद में आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी मजाक में रायडू को अपनी टीम में खेलने का न्योता दिया था।
रायडू ने 2019 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास, और 2023 में IPL से संन्यास लिया। इसके बाद वे अमेरिका की मेजर लीग क्रिकेट में टेक्सास सुपर किंग्स के लिए खेले।
What's Your Reaction?