‘सावरकर के बलिदान की अनदेखी नहीं कर सकते...’ राहुल गांधी के कमेंट पर विवाद के बीच बोले शरद पवार

<p><em><strong>एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर अहम टिप्पणी की। सावरकर पर राहुल गांधी के रुख को लेकर सवाल का भी उन्होंने जवाब दिया।</strong></em></p>

‘सावरकर के बलिदान की अनदेखी नहीं कर सकते...’ राहुल गांधी के कमेंट पर विवाद के बीच बोले शरद पवार
02-04-2023 - 09:23 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार (1 अप्रैल) को कहा कि हिंदुत्व विचारक विनायक दामोदर सावरकर के देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदान की कोई अनदेखी नहीं कर सकता है, लेकिन उनसे असहमति को राष्ट्रीय मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए क्योंकि आज देश के समक्ष कई और ज्वलंत मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है।
विदेशी जमीन पर कथित तौर पर भारत के खिलाफ बोलने को लेकर बीजेपी के निशाने पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बचाव करते हुए पवार ने कहा कि वह पहले भारतीय नहीं हैं, जिन्होंने देश के मुद्दों पर विदेश में बात की है।
राहुल गांधी पर पूछे गए सवाल का दिया ये जवाब
नागपुर के प्रेस क्लब में पवार ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की. वह केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के यहां स्थित आवास पर उनसे मिलने भी गए। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने सावरकर के मुद्दे पर राहुल गांधी से बात की है और क्या कांग्रेस नेता दिवंगत हिंदुत्व विचारक की आलोचना में कमी लाएंगे तो पवार ने कहा कि हाल में 18-20 पार्टियां एक साथ बैठीं और देश के समक्ष मौजूद मुद्दों पर चर्चा की। उल्लेखनीय है कि बीजेपी राहुल गांधी पर सावरकर का ‘अपमान’ करने का आरोप लगा रही है. वह, उनके सम्मान में सावरकर गौरव यात्रा भी निकाल रही है. एनसीपी प्रमुख ने कहा, ‘मैं सुझाव दूंगा कि इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि जो इस समय सत्ता में हैं वे देश को किस ओर ले जा रहे हैं।’
सावरकर के प्रगतिशील विचारों का जिक्र
उन्होंने कहा कि करीब 32 साल पहले उन्होंने संसद में सावरकर के प्रगतिशील विचारों के बारे में बात की। पवार ने कहा कि सावरकर ने रत्नागिरी में मकान बनाया था और उसी के सामने छोटे से मंदिर का भी निर्माण कराया था। पवार ने बताया, ‘सावरकर ने मंदिर में पूजा की जिम्मेदारी वाल्मीकि समाज के व्यक्ति को दी थी। मेरा मानना है कि वह बहुत ही प्रगतिशील बात थी।’ एनसीपी नेता ने कहा कि राष्ट्रीय कथानक में सावरकर पर जोर देने की जरूरत नहीं है, खासतौर पर तब जब आम लोगों को चिंतित करने वाले कई बड़े मुद्दे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।