लद्दाख में हादसा: खाई में गिरी भारतीय सेना की गाड़ी, 9 जवानों की मौत, 1 घायल
<p><em><strong>लद्दाख में भारतीय सेना का वाहन खाई में गिर गया। इस हादसे में सेना के नौ जवानों की मौत हो गई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। यह हादसा लेह के पास एक गांव में हुआ है।</strong></em></p>
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में शनिवार शाम भारतीय सेना का वाहन हादसे का शिकार हो गया। राजधानी लेह के पास मौजूद क्यारी गांव में सेना का वाहन खाई में गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में सेना के नौ जवानों की मौत हो गई है। सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि लेह में हुए इस हादसे में नौ जवानों की मौत हो गई, जबकि एक सैनिक घायल हुआ है। मरने वाले सैनिकों में आठ जवान और एक जेसीओ (जूनियर कमीशन अफसर) शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि क्यारी गांव से सात किमी पहले सेना की गाड़ी दुर्घटना का शिकार हो गई और खाई में गिर गई। इस हादसे में आठ जवानों और एक जेसीओ की मौत हुई है। हादसे में एक जवान घायल भी हुआ है, जिसे इलाज के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है। सेना का ये गश्ती दल कारू से क्यारी की तरफ जा रहा था, तभी ये हादसे का शिकार हो गया। अधिकारियों ने बताया है कि फिलहाल घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि भारतीय सेना के दस्ते में तीन वाहन शामिल थे। इसमें से सेना का ट्रक हादसे का शिकार हुआ है। इस दस्ते में तीन अफसर, दो जेसीओ और 34 जवान शामिल थे। तीन गाड़ियों के इस दस्ते में एक जिप्सी, एक ट्रक और एक एंबुलेंस थी। लद्दाख के जिस इलाके में ये हादसा हुआ है, वो सुदूर इलाका है।
ये गांव भारत-चीन सीमा पर बने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से सटा हुआ है। इस इलाके में ढेरों खाइयां हैं। एलएसी के करीब होने की वजह से यहां सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहती है। सेना के कई प्रमुख रेजिमेंट भी यहां मौजूद हैं। चीन के साथ चल रहे तनाव को ध्यान में रखते हुए यहां सैनिकों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
भारत और चीन के सैनिकों के बीच जून 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद से ही दोनों देशों के बीच तनाव है। चीन की तरफ भी सीमा पर सैनिकों की तैनाती को बढ़ाया गया है। भारत ने भी इसके जवाब में सीमा पर न सिर्फ सैनिकों संख्या को बढ़ाया है, बल्कि यहां प्रमुख हथियारों की तैनाती की है।
What's Your Reaction?