अफगान लड़का लैंडिंग गियर में छिपकर दिल्ली पहुंचा, जांच के बाद वापस भेजा गया
अफगानिस्तान से दिल्ली तक एक 13 वर्षीय अफगान लड़के का सफर सभी को हैरान कर गया। रविवार सुबह उसने काबुल से उड़ान भरने वाले विमान के लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट में छिपकर दिल्ली तक की यात्रा कर डाली। अधिकारी सूत्रों ने बताया कि यह सब लड़के की “जिज्ञासा” के चलते..
नयी दिल्ली। अफगानिस्तान से दिल्ली तक एक 13 वर्षीय अफगान लड़के का सफर सभी को हैरान कर गया। रविवार सुबह उसने काबुल से उड़ान भरने वाले विमान के लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट में छिपकर दिल्ली तक की यात्रा कर डाली। अधिकारी सूत्रों ने बताया कि यह सब लड़के की “जिज्ञासा” के चलते हुआ।
यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे सामने आई, जब काबुल से दिल्ली आई काम एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर RQ-4401 इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर उतरी। करीब दो घंटे की इस यात्रा के बाद जब विमान उतरा तो विमानन कंपनी के कर्मचारियों ने 13 वर्षीय लड़के को रनवे के पास घूमते हुए देखा और इसकी सूचना एयरपोर्ट सुरक्षा कंट्रोल रूम को दी।
जानकारी के अनुसार, यह बच्चा अफगानिस्तान के कुंदुज़ शहर का निवासी है। एयरलाइन स्टाफ ने उसे पकड़कर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के हवाले कर दिया। बाद में उसे पूछताछ के लिए एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 ले जाया गया।
पूछताछ में लड़के ने बताया कि वह काबुल एयरपोर्ट में किसी तरह घुस गया और विमान के रीयर सेंट्रल लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट में छिप गया। उसने अधिकारियों को बताया कि यह उसने सिर्फ जिज्ञासा के कारण किया।
बाद में सुरक्षा जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद रविवार दोपहर 12:30 बजे उसे उसी विमान से वापस अफगानिस्तान भेज दिया गया।
काम एयरलाइन की सुरक्षा टीम ने विमान के लैंडिंग गियर कम्पार्टमेंट की जांच की, जहां उन्हें एक छोटा लाल रंग का स्पीकर मिला, जो संभवतः लड़के के पास था। पूरी जांच और एंटी-सबोटाज चेक के बाद विमान को सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
What's Your Reaction?