राजस्थान में सनसनी: दिनदहाड़े तलवारों से युवक की बेरहमी से हत्या, आरोपी फरार
राजस्थान के राजसमंद जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई एक नृशंस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। खमनोर थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में एक युवक की तलवारों से काटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल..
राजसमंद। राजस्थान के राजसमंद जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई एक नृशंस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। खमनोर थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में एक युवक की तलवारों से काटकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हिम्मत सिंह दसाना के रूप में हुई है। वह गांव के चौराहे पर बैठा हुआ था, तभी करीब छह हमलावर एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां पहुंचे और तलवारों व अन्य धारदार हथियारों से अचानक उस पर हमला कर दिया। यह हमला सार्वजनिक रूप से हुआ, जिससे पूरा इलाका खून से सना नजर आया और गांव में हड़कंप मच गया।
मुंबई से हाल ही में लौटा था मृतक
हिम्मत सिंह दसाना मुंबई में काम करता था और कुछ ही दिन पहले अपने पैतृक गांव लौटा था। हमले के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दो थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
थानाधिकारी नरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा प्रतीत होती है। आरोपी कथित तौर पर केलवाड़ा के पास स्थित पासुंद गांव के रहने वाले हैं और मृतक से उनकी लंबे समय से दुश्मनी चली आ रही थी।
पुरानी दुश्मनी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने उन युवकों पर भी हमला किया, जिन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी। गंभीर रूप से घायल हिम्मत सिंह को परिजन और ग्रामीण तत्काल नाथद्वारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारिख भी मौके पर पहुंचे। दो थानों की पुलिस फोर्स के साथ विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
परिजनों ने हामेर सिंह, नाथू सिंह, हिम्मत सिंह, किशन सिंह, कालू सिंह और प्रेम सिंह (सभी निवासी पासुंद) के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह नाकाबंदी की गई है।
What's Your Reaction?