भारत ने चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों का नाम बदलने पर आपत्ति जताई और कहा, 'रचनात्मक नामकरण से निर्विवाद वास्तविकता नहीं बदलेगी'
भारत ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को सिरे से खारिज करते हुए राज्य के विभिन्न हिस्सों को नए नाम देने के उसके प्रयासों पर कड़ी आपत्ति जताई..
नयी दिल्ली। भारत ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश पर चीन के दावे को सिरे से खारिज करते हुए राज्य के विभिन्न हिस्सों को नए नाम देने के उसके प्रयासों पर कड़ी आपत्ति जताई।
विदेश मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में दोहराया कि चीन की यह "रचनात्मक नामकरण" की कोशिश उस अटल सच्चाई को नहीं बदल सकती कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा, “हमने देखा है कि चीन लगातार भारत के अरुणाचल प्रदेश राज्य के स्थानों को नाम देने के अपने निरर्थक और हास्यास्पद प्रयास करता रहा है। हमारे सैद्धांतिक रुख के अनुरूप, हम ऐसे प्रयासों को पूरी तरह खारिज करते हैं।”
बयान में यह भी कहा गया, “इस तरह का रचनात्मक नामकरण उस अटल सच्चाई को नहीं बदल सकता कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा।”
उल्लेखनीय है कि चीन ने बार-बार ऐसे नक्शे जारी किए हैं जिनमें उत्तर-पूर्वी राज्य अरुणाचल प्रदेश के कई स्थानों को नए नाम दिए गए हैं। वर्ष 2024 में भी चीन ने इस क्षेत्र के 30 स्थानों को नए नाम देने वाली एक नई सूची जारी की थी, जिसे भारत ने सख्ती से खारिज कर दिया था।
What's Your Reaction?