श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पर नवंबर में होगा ध्वजारोहण समारोह; PM मोदी हो सकते हैं मुख्य अतिथि
अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण समारोह नवंबर में होने की संभावना है। इस विशेष आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि हो सकते हैं..
अयोध्या। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण समारोह नवंबर में होने की संभावना है। इस विशेष आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि हो सकते हैं। कार्यक्रम में देश-विदेश से हज़ारों विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के एक अधिकारी ने पीटीआई को नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नवंबर महीने में दो संभावित तिथियां तय की गई हैं और आयोजन की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।
उन्होंने कहा, "इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रह सकते हैं।"
मंदिर के शिखर पर फहरेगा रामध्वज
ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों के अनुसार, 161 फुट ऊंचे मंदिर के मुख्य शिखर पर 'रामध्वज' फहराया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर के अन्य सभी मंदिरों के शिखरों पर भी ध्वज फहराने की योजना है। यह समारोह मंदिर निर्माण के पूरा होने की दिशा में एक और बड़ा कदम माना जा रहा है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने बताया, "अंतिम कार्यक्रम अभी तैयार किया जा रहा है। जैसे ही यह तय होगा, सार्वजनिक कर दिया जाएगा।"
दो तिथियों पर विचार
ट्रस्ट सूत्रों के अनुसार, समारोह के लिए 16 नवंबर या 25 नवंबर की तिथि पर विचार चल रहा है।
ज्योतिषाचारियों की मदद से सबसे शुभ मुहूर्त को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।
भव्य आयोजन की तैयारी
यह समारोह रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा जैसे ही भव्य होने की उम्मीद है। ट्रस्ट संतों, धर्मगुरुओं, प्रमुख हस्तियों और देश-विदेश के भक्तों की एक बड़ी अतिथि सूची तैयार कर रहा है। यह राम मंदिर निर्माण के बाद दूसरी ऐतिहासिक घटना के रूप में देखा जा रहा है।
अयोध्या प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि अतिथियों के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के होटलों, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउसों में कमरे आरक्षित किए जा रहे हैं।
वैदिक मंत्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा ध्वजारोहण
ध्वजारोहण वैदिक मंत्रोच्चार, संगीत और विशेष पूजा अनुष्ठानों के बीच किया जाएगा। इसके अलावा, अन्य कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
राम कथा के आयोजन की भी संभावना है और देश भर के प्रसिद्ध कलाकार और संगीतकार इस अवसर पर अपनी प्रस्तुति दे सकते हैं, जिससे समारोह की भव्यता और बढ़ेगी।
What's Your Reaction?