गोवा नाइटक्लब में भीषण आग: 4 पर्यटक, 14 कर्मचारी समेत 25 की मौत; कई गंभीर, जांच तेज

गोवा के उत्तर जिले के अर्पोरा गांव स्थित Birch by Romeo Lane नाइटक्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। आशंका है कि आग एलपीजी सिलेंडर फटने से लगी। मरने वालों में 14 कर्मचारी, 4 पर्यटक शामिल हैं, जबकि 7 मृतकों की पहचान अभी नहीं..

गोवा नाइटक्लब में भीषण आग: 4 पर्यटक, 14 कर्मचारी समेत 25 की मौत; कई गंभीर, जांच तेज
07-12-2025 - 07:30 PM
22-04-2026 - 05:53 PM

गोवा। गोवा के उत्तर जिले के अर्पोरा गांव स्थित Birch by Romeo Lane नाइटक्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। आशंका है कि आग एलपीजी सिलेंडर फटने से लगी। मरने वालों में 14 कर्मचारी, 4 पर्यटक शामिल हैं, जबकि 7 मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। छह लोग घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

गोवा पुलिस ने आधिकारिक बयान में कहा, “अर्पोरा स्थित नाइटक्लब में भीषण आग में 25 लोगों की जान गई, जिनमें 4 पर्यटक और 14 कर्मचारी शामिल हैं। सात मृतकों की पहचान अभी बाकी है। छह लोग घायल हैं। आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस व अग्निशमन विभाग जांच कर रहे हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।”

आग आधी रात के बाद लगी, क्लब में ज्वलनशील सामग्री का इस्तेमाल

यह हादसा शनिवार रात बारह बजे के बाद या रविवार तड़के हुआ। आग कुछ ही मिनटों में पूरे ढांचे में फैल गई क्योंकि क्लब की संरचना अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री से बनी थी। पुलिस के अनुसार, अधिकांश मृतक बेसमेंट में काम कर रहे थे और धुआं भर जाने के कारण बाहर निकल नहीं सके। मृतकों में तीन महिलाएँ भी शामिल हैं।

सीएम प्रमोद सावंत बोले—“गोवा का दर्दनाक दिन, जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी”

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत रात में ही मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा, आज गोवा के लिए बेहद दुखद दिन है… मैं सभी परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

सीएम ने एक्स (X) पर लिखा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच होगी।  उन्होंने लिखा कि आग के कारणों और यह भी कि क्या फायर सेफ्टी और बिल्डिंग नियमों का पालन किया गया। इसकी जांच होगी। जिम्मेदारों पर सबसे कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

पीएम मोदी ने भी जताई संवेदना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

स्थानीय विधायक बोले,“गोवा की सुरक्षा छवि को झटका, सभी क्लबों की सेफ्टी ऑडिट जरूरी”

स्थानीय विधायक माइकल लोबो ने कहा, “यह बेहद दुखद और विचलित करने वाला हादसा है। गोवा हमेशा सुरक्षित पर्यटन स्थल माना जाता रहा है। सभी क्लबों और रेस्तरां, खासकर एयर-कंडीशंड प्रतिष्ठानों की सुरक्षा ऑडिट की जरूरत है।”

बिना अनुमति संचालित हो रहा था क्लब, पहले भी जारी हुआ था ध्वस्तीकरण नोटिस

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि क्लब कई अनिवार्य लाइसेंसों के बिना ही चल रहा था। उन्होंने कहा,आग ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जिससे बेसमेंट में मौजूद लोग फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, क्लब उस जमीन पर बनाया गया था जो कभी नमक-पैन हुआ करती थी। स्थानीय पंचायत और गोवा कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी ने इसे ध्वस्तीकरण नोटिस जारी किया था, लेकिन पंचायत निदेशालय ने अपील पर इस नोटिस पर रोक लगा दी—जिससे क्लब का संचालन जारी रहा।

मृतकों की पहचान जारी

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। यह हादसा गोवा की सुरक्षा व्यवस्थाओं और नाइटलाइफ़ प्रतिष्ठानों पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।