इंडियन आइडल 12 विजेता पवनदीप राजन की अस्पताल से तस्वीर वायरल, लिखा – "रिकवरी मोड ऑन"
इंडियन आइडल सीज़न 12 के विजेता और मशहूर गायक पवनदीप राजन इन दिनों उत्तर प्रदेश में हुए भयंकर सड़क हादसे के बाद अस्पताल में उपचार करवा रहे हैं। यह दुर्घटना इस महीने की शुरुआत में मुरादाबाद के पास हुई, जब पवनदीप दिल्ली के लिए एक इवेंट में शामिल होने जा रहे थे..
लखनऊ। इंडियन आइडल सीज़न 12 के विजेता और मशहूर गायक पवनदीप राजन इन दिनों उत्तर प्रदेश में हुए भयंकर सड़क हादसे के बाद अस्पताल में उपचार करवा रहे हैं। यह दुर्घटना इस महीने की शुरुआत में मुरादाबाद के पास हुई, जब पवनदीप दिल्ली के लिए एक इवेंट में शामिल होने जा रहे थे। उनकी SUV एक खड़े हुए कैंटर ट्रक से टकरा गई, जिससे उन्हें कई गंभीर चोटें, हड्डियों में फ्रैक्चर और ब्रेन इंजरी हुई।
अब पवनदीप ने अस्पताल से एक अपडेट साझा किया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वे अस्पताल के बेड पर आराम करते हुए स्टाफ के साथ शतरंज खेलते नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कैप्शन में लिखा, "Recovery mode on, thank you all for the prayers and blessings."
इससे पहले, पवनदीप की टीम ने एक बयान जारी करते हुए जानकारी दी थी कि उन्हें कई सर्जरी से गुजरना पड़ा है।
टीम द्वारा जारी बयान में कहा गया था, "सभी को नमस्कार, पवन ने कल तीन और सर्जरी करवाईं। सुबह-सुबह उन्हें ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया और आठ घंटे की लंबी सर्जरी के बाद उनके सभी शेष फ्रैक्चर का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर दिया गया। हालांकि अभी वे ICU में निगरानी में हैं और कुछ और दिन वहीं रहेंगे। डॉक्टरों के अनुसार अब इलाज के बाद ठीक होने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आइए हम सब मिलकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।"
पवनदीप के करीबी दोस्त गोविंद दिगारी ने भी हाल ही में इंस्टाग्राम पर उनकी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वे अस्पताल में मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
गोविंद ने फोटो के साथ लिखा, "आप सभी के आशीर्वाद से पवन अब काफी ठीक हैं।"
गंभीर चोटों के चलते उन्हें पहले ICU में रखा गया था, लेकिन अब उन्हें बाहर निकाल लिया गया है और डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
पवनदीप के चाहने वालों के लिए यह एक राहत की खबर है कि वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उनके प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के लिए वे जल्द ही स्वस्थ होकर मंच पर वापसी करें, यही सभी की कामना है।
What's Your Reaction?