"मैं आपसे बात नहीं करना चाहती, तुमने मेरे पापा को मारा": हरभजन सिंह ने श्रीसंत की बेटी से हुई भावुक बातचीत को याद किया

पूर्व भारतीय स्पिनर और वर्तमान में सांसद हरभजन सिंह ने एक भावुक खुलासा करते हुए कहा कि यदि अपने क्रिकेट करियर से किसी एक घटना को वह मिटा सकते, तो वह आईपीएल 2008 में पूर्व साथी खिलाड़ी एस श्रीसंत के साथ हुआ विवाद होता। हरभजन ने स्वीकार किया कि इस पूरी घटना के लिए वह पूरी तरह जिम्मेदार..

"मैं आपसे बात नहीं करना चाहती, तुमने मेरे पापा को मारा": हरभजन सिंह ने श्रीसंत की बेटी से हुई भावुक बातचीत को याद किया
21-07-2025 - 03:29 PM

चेन्नई। पूर्व भारतीय स्पिनर और वर्तमान में सांसद हरभजन सिंह ने एक भावुक खुलासा करते हुए कहा कि यदि अपने क्रिकेट करियर से किसी एक घटना को वह मिटा सकते, तो वह आईपीएल 2008 में पूर्व साथी खिलाड़ी एस श्रीसंत के साथ हुआ विवाद होता। हरभजन ने स्वीकार किया कि इस पूरी घटना के लिए वह पूरी तरह जिम्मेदार थे। साथ ही उन्होंने श्रीसंत की बेटी से हुई एक बातचीत का जिक्र किया, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया।

साल 2008 के आईपीएल के दौरान, मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे हरभजन ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी श्रीसंत को एक लीग मैच के बाद थप्पड़ मार दिया था। बीसीसीआई ने इसके जवाब में हरभजन को उस सीज़न के शेष मैचों से निलंबित कर दिया था। यह घटना आईपीएल के इतिहास की सबसे विवादास्पद और चर्चित घटनाओं में से एक मानी जाती है।

आर अश्विन के यूट्यूब शो ‘कुट्टी स्टोरीज़’ में बातचीत के दौरान जब हरभजन से पूछा गया कि अगर वह अपने जीवन से कोई एक घटना हटा सकते हैं तो वह क्या होती, तो उन्होंने जवाब दिया, "मेरे जीवन की एक घटना जिसे मैं बदलना चाहता हूं, वह श्रीसंत के साथ हुई वह घटना है। मैं उस पल को अपने करियर से हटा देना चाहता हूं। जो हुआ वह गलत था और मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। मैंने 200 बार माफी मांगी है। मैं जहां भी जाता हूं या जब भी कोई मंच मिलता है, मैं माफी मांगता हूं। यह मेरी गलती थी। हम सभी से गलतियाँ होती हैं और हम आशा करते हैं कि उन्हें न दोहराएं।

वह मेरा साथी खिलाड़ी था, हम एक ही टीम में खेल चुके थे। हां, उस मैच में हम विरोधी टीमों से थे, लेकिन फिर भी यह व्यवहार नहीं होना चाहिए था। वह पूरी तरह मेरी गलती थी। अगर उसकी कोई गलती थी तो वह सिर्फ मुझे उकसाने की थी, लेकिन असली गलती मेरी थी। और मैंने कहा था, 'सॉरी'।”

हरभजन, जो अब 45 वर्ष के हैं और राज्यसभा सांसद भी हैं, ने बताया कि यह घटना उन्हें किस कदर आज भी परेशान करती है, खासकर श्रीसंत की बेटी से हुई एक बातचीत के बाद। उन्होंने कहा, "जो बात मुझे वर्षों बाद भी सबसे ज्यादा दुख देती है, वह तब हुई जब मैं श्रीसंत की बेटी से मिला। मैं उससे बहुत प्यार से बात कर रहा था, लेकिन उसने कहा, 'मैं आपसे बात नहीं करना चाहती, आपने मेरे पापा को मारा था।'

हरभजन ने कहा, मेरा दिल टूट गया और मैं रोने के कगार पर था। मैंने खुद से पूछा कि मैंने उसके मन में अपने लिए कैसी छवि छोड़ दी है? वह मुझे एक ऐसे इंसान के रूप में देखती है जिसने उसके पिता को मारा। मुझे बहुत बुरा लगा। मैं अब भी उसकी बेटी से माफी मांगता हूं क्योंकि मैं उस पल को बदल नहीं सकता। मैं उससे कहता हूं, 'अगर कुछ ऐसा है जिससे तुम बेहतर महसूस कर सको और तुम्हें लगे कि मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, तो मुझे बताओ।'

मुझे उम्मीद है कि जब वह बड़ी होगी, तो मुझे उसी नजर से नहीं देखेगी और सोचेगी कि उसका अंकल हमेशा उसके साथ है और हर तरह से उसकी मदद करने के लिए तैयार है। इसी वजह से मैं चाहता हूं कि उस अध्याय को अपने जीवन से मिटा सकूं।"

यह घटना आज भी हरभजन के लिए पछतावे का कारण बनी हुई है, और उन्होंने इसे अपने जीवन की सबसे बड़ी गलती माना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।