राजस्थान में ‘मेघालय हनीमून मर्डर 2.0’: शादी के तीन महीने बाद पत्नी ने वेटर प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, सामने आए रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे

अंजू के मुताबिक, उससे सोने के गहने लूट लिये गए और वह सड़क पर बेहोश हालत में पड़ी मिली। शुरुआत में यह मामला हिट-एंड-रन का लग रहा था लेकिन पुलिस जांच में यह एक सोची-समझी हत्या निकली। इस घटना ने पुलिस को पिछले साल मेघालय में हुए उस सनसनीखेज हनीमून मर्डर की याद दिला..

राजस्थान में ‘मेघालय हनीमून मर्डर 2.0’: शादी के तीन महीने बाद पत्नी ने वेटर प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, सामने आए रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे
07-02-2026 - 12:12 PM
22-04-2026 - 05:53 PM

यह शुक्रवार की शाम थी, जब राजस्थान के श्रीगंगानगर में आशीष और अंजू डिनर के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान एक वाहन ने आशीष को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अंजू के मुताबिक, उससे सोने के गहने लूट लिये गए और वह सड़क पर बेहोश हालत में पड़ी मिली। शुरुआत में यह मामला हिट-एंड-रन का लग रहा था लेकिन पुलिस जांच में यह एक सोची-समझी हत्या निकली। इस घटना ने पुलिस को पिछले साल मेघालय में हुए उस सनसनीखेज हनीमून मर्डर की याद दिला दी, जिसमें सोनम रघुवंशी ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या करवाई थी।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जांच में खुलासा हुआ कि अंजू ने अपने प्रेमी संजू और उसके दो साथियों की मदद से पति आशीष की हत्या करवाई और इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। पुलिस अधीक्षक अमृता दुहान ने आरोपियों की पहचान अंजू (पत्नी), उसके प्रेमी संजय उर्फ संजू (25) और उसके कथित सहयोगियों रोहित व बादल के रूप में की। मृतक की पहचान आशीष कुमार (25) के रूप में हुई है। संजू शादी समारोहों में वेटर का काम करता था। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कैसे रची गई हत्या की साजिश?

आशीष और अंजू की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी लेकिन अंजू इस शादी से खुश नहीं थी। रिपोर्ट के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही वह अपने मायके सादुलशहर चली गई थी। वहीं उसने अपने पूर्व प्रेमी संजू से दोबारा संपर्क किया और दोनों ने मिलकर आशीष की हत्या की योजना बनाई।

इसके बाद अंजू दोबारा आशीष के घर लौट आई और उसके साथ रहने लगी, पुलिस के अनुसार यह भी साजिश का ही हिस्सा था। अंजू जानती थी कि आशीष रोज़ाना डिनर के बाद टहलने जाया करता था इसलिए वह भी उसके साथ जाने लगी।

पुलिस के मुताबिक, 31 जनवरी को अंजू ने संजू से संपर्क कर योजना को अंतिम रूप दिया। उसी शाम संजू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और झाड़ियों में छिप गया। डिनर के बाद जब अंजू आशीष को टहलाने ले गई, तो उसने उसे एक सुनसान रास्ते पर ले जाकर बातचीत में उलझाए रखा और फिर हमलावरों को इशारा कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले आशीष के सिर पर डंडों से हमला किया और उसे बेहोश कर दिया। जब उन्हें पता चला कि वह अभी ज़िंदा है, तो उन्होंने कथित तौर पर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि अंजू ने आरोपियों को आशीष का मोबाइल फोन और अपने पहने हुए झुमके सौंपे, फिर उन्हें वहां से भेज दिया और बाद में अपने ससुराल वालों को फोन कर बताया कि आशीष की मौत सड़क हादसे में हो गई।

फॉरेंसिक सबूतों के आगे ढह गई हिट-एंड-रन की कहानी

पुलिस को शक तब हुआ जब अंजू बार-बार अपने बयान बदलने लगी और घटनाक्रम को लेकर विरोधाभासी बातें करने लगी। फॉरेंसिक जांच और मौके की पड़ताल में ‘हिट-एंड-रन’ की कहानी पूरी तरह ढह गई।

पुलिस के अनुसार, जिस जगह पर घटना हुई, वहां किसी वाहन की टक्कर के कोई ठोस संकेत नहीं मिले। जांचकर्ताओं को ऐसा कोई मजबूत सबूत नहीं मिला, जो सड़क हादसे की पुष्टि करता हो। पूछताछ के दौरान अंजू ने कई बार अपने बयान बदले, अहम सवालों पर लड़खड़ाई और बार-बार बेहोश होने का दावा किया।

एसपी अमृता दुहान ने बताया कि अंजू ने यह भी कहा कि हादसे के बाद कुछ अज्ञात लोगों ने उसके गहने लूट लिये, लेकिन यह दावा भी हादसे की कहानी से मेल नहीं खाता था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई चोटों के साथ गला घोंटे जाने के संकेत मिले, जिसके बाद पुलिस ने इसे स्पष्ट रूप से हत्या का मामला माना।

मेघालय हनीमून मर्डर केस से मिलती-जुलती कहानी

पिछले साल मई में राजा रघुवंशी अपनी नवविवाहिता पत्नी सोनम के साथ हनीमून के लिए मेघालय गए थे। शादी के महज कुछ दिनों बाद, 12 दिन के भीतर ही राजा की मौत हो गई और उसका शव मेघालय के जंगलों में मिला था।

पुलिस के अनुसार, सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा, जो उसके पारिवारिक व्यवसाय में पूर्व कर्मचारी था, के साथ मिलकर हनीमून के दौरान राजा की हत्या की साजिश रची थी और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की थी। जांचकर्ताओं का कहना है कि वेई सॉडॉन्ग फॉल्स के पास किराए के तीन हमलावरों ने राजा पर धारदार हथियारों से हमला किया, उस वक्त सोनम भी वहां मौजूद थी। बाद में राजा के शव को खाई में फेंक दिया गया और उसका मोबाइल फोन बंद कर दिया गया था।

इस तरह राजस्थान का यह मामला भी मेघालय के हनीमून मर्डर की तरह रिश्तों के पीछे छिपी खौफनाक साजिश की एक और मिसाल बनकर सामने आया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।