‘हम जनरल नरवणे का सम्मान करते हैं’: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पूर्व सेना प्रमुख का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल करने का आरोप

पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया है। इसी बीच गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार को पूर्व सेना प्रमुख से कोई समस्या..

‘हम जनरल नरवणे का सम्मान करते हैं’: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पूर्व सेना प्रमुख का नाम गलत तरीके से इस्तेमाल करने का आरोप
07-02-2026 - 12:27 PM

पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो गया है। इसी बीच गुरुवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार को पूर्व सेना प्रमुख से कोई समस्या नहीं है।

एक इंटरव्यू में वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह किताब प्रतिबंधित नहीं है। उन्होंने कहा, संभव है कि प्रकाशकों ने इस किताब को रक्षा मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा हो, जो अभी तक नहीं दी गई है।”

अपने रक्षा मंत्री कार्यकाल का ज़िक्र करते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा, जब मैं कुछ समय के लिए रक्षा मंत्री थी, तब मैं जनरल नरवणे को जानती थी। वह एक अत्यंत सम्मानित वरिष्ठ जनरल हैं। जिस जनरल को हमारे कार्यकाल में थलसेनाध्यक्ष बनाया गया हो, उससे भारत सरकार को कोई समस्या क्यों होगी? हम उनका सम्मान करते हैं। हमें उनसे कोई दिक्कत नहीं है।”

गौरतलब है कि निर्मला सीतारमण सितंबर 2017 से मई 2019 तक एनडीए सरकार के पहले कार्यकाल में केंद्रीय रक्षा मंत्री रह चुकी हैं।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

वित्त मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने “जनरल के नाम का वजन दिखाने” के लिए किताब को सदन में लहराया। उन्होंने कहा कि सरकार की आपत्ति किताब के नाम या लेखक को लेकर नहीं, बल्कि उस “गलत उद्धरण” को लेकर थी, जिसे राहुल गांधी ने सदन में उठाने की कोशिश की।

कांग्रेस पार्टी ने मौजूदा बजट सत्र के दौरान लगातार आरोप लगाया है कि नरेंद्र मोदी सरकार नियमों का दुरुपयोग कर राहुल गांधी को “परेशान और चुप” करने की कोशिश कर रही है, ताकि वह वर्ष 2020 के भारत-चीन सीमा विवाद पर बोल न सकें। कांग्रेस का दावा है कि पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) मनोज नरवणे की आत्मकथा के संदर्भ का हवाला देने पर सरकार ने आपत्ति जताई।

 

महिला सांसदों को ‘ढाल’ बनाने का आरोप

निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर यह आरोप भी लगाया कि पार्टी ने महिला सांसदों को बैनर और पोस्टर के साथ ट्रेज़री बेंच की ओर भेजा, ताकि उन्हें “ढाल या रोक” के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।

उन्होंने कहा, मैं पहले भी संसद के बाहर इस बात पर खुलकर टिप्पणी कर चुकी हूं कि किस तरह महिला कर्मचारी, चाहे वे कितने ही ऊंचे पद पर क्यों न हों, मेहमानों को गुलदस्ते देती हैं, जबकि पुरुष सदस्य देखते रहते हैं…”

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, पुरुष और महिला सांसद यहां सांसद की हैसियत से हैं। कांग्रेस पार्टी की रणनीति क्या थी?”

कांग्रेस पर ‘गैर-जिम्मेदार’ विपक्ष होने का आरोप

वित्त मंत्री ने कांग्रेस को “पूरी तरह गैर-जिम्मेदार” विपक्ष बताया। उन्होंने कहा,
हम एक ऐसा विपक्ष चाहते हैं जो खड़ा होकर हमसे सवाल पूछे। हम हर सवाल का जवाब देंगे। लेकिन यह सदन के नियम-कानून के भीतर होना चाहिए। आप सवाल पूछते हैं और जब प्रधानमंत्री जवाब देने के लिए खड़े होते हैं, तो आप नाम लेकर चिल्लाते हुए भाग जाते हैं।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, आप ‘रायता फैलाओ और भाग जाओ’ वाला रवैया नहीं अपना सकते। यह लोकतंत्र नहीं है।”

इस तरह वित्त मंत्री ने न सिर्फ सरकार का रुख स्पष्ट किया, बल्कि राहुल गांधी और कांग्रेस की संसदीय रणनीति पर भी तीखा प्रहार किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।