एशिया कप 2025 हार के बाद पीसीबी का कड़ा फैसला: पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर विदेशी टी20 लीगों में रोक?
एशिया कप 2025 फाइनल में भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने खिलाड़ियों पर सख्ती दिखाते हुए विदेशी टी20 लीगों में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने पर रोक लगा दी है। पाकिस्तान, फाइनल समेत तीन मुकाबलों में भारत से हार गया था, जिसमें आखिरी मैच बेहद विवादित..
इस्लामाबाद। एशिया कप 2025 फाइनल में भारत से हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने खिलाड़ियों पर सख्ती दिखाते हुए विदेशी टी20 लीगों में खेलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने पर रोक लगा दी है। पाकिस्तान, फाइनल समेत तीन मुकाबलों में भारत से हार गया था, जिसमें आखिरी मैच बेहद विवादित रहा।
पीसीबी का नोटिस
ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी ने भारत से फाइनल हारने के अगले ही दिन यह कदम उठाया। पीसीबी के चीफ ऑफ ऑपरेशंस सुमैर अहमद सैयद ने खिलाड़ियों और उनके एजेंटों को नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया,"चेयरमैन पीसीबी की मंजूरी से, खिलाड़ियों को लीगों और अन्य विदेशी टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए दिए जाने वाले सभी एनओसी अगले आदेश तक रोके जाते हैं।"
प्रदर्शन आधारित निर्णय
रिपोर्ट्स के अनुसार, पीसीबी का एनओसी जारी करना खिलाड़ियों के प्रदर्शन मूल्यांकन पर निर्भर करता है। जो खिलाड़ी अपेक्षित स्तर पर खरे नहीं उतरते, उन्हें यूएई की आईएलटी20 और ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग जैसे टूर्नामेंटों से बाहर किया जा सकता है।
इस कदम को घरेलू क्रिकेट, खासकर अक्टूबर से शुरू हो रहे पाकिस्तान के प्रमुख फर्स्ट-क्लास टूर्नामेंट कायदे-आजम ट्रॉफी में शीर्ष खिलाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।
बड़े खिलाड़ी प्रभावित
बाबर आज़म और शाहीन अफरीदी जैसे हाई-प्रोफाइल खिलाड़ियों पर भी इसका असर पड़ेगा। बिग बैश लीग में खेलने वाले सात और आईएलटी20 से जुड़े 16 पाकिस्तानी खिलाड़ियों की भागीदारी अब अधर में लटक गई है।
‘कार्टून जैसा लगा’: नक़वी का एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर बयान
एशिया कप फाइनल के बाद पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी ने ट्रॉफी और विजेता पदक समारोह से लेकर अपने दुबई होटल रूम में रख लिये।
मंगलवार को बीसीसीआई अधिकारियों ने एसीसी की बैठक में वर्चुअली हिस्सा लिया और ट्रॉफी-पदक भारत को लौटाने की मांग की, यह कहते हुए कि ये किसी की निजी संपत्ति नहीं हैं। लेकिन नक़वी ने इनकार कर दिया।
बैठक में नक़वी ने नाराजगी जताई कि उन्हें भारत की ओर से इस फैसले की जानकारी नहीं दी गई थी कि वे ट्रॉफी उनसे नहीं लेंगे। उन्होंने बताया कि वे मंच पर सुर्यकुमार यादव और भारतीय टीम को पदक और ट्रॉफी सौंपने के लिए खड़े रहे लेकिन भारतीय खिलाड़ी आगे नहीं आए।
नक़वी ने कहा कि उस समय उन्हें लगा जैसे वे “कार्टून” बनकर खड़े थे।
What's Your Reaction?