ट्रंप ने टैरिफ बढ़ाए, कृषि पर अटकी डील; अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा स्थगित: रिपोर्ट
इस महीने के अंत में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर होने वाली अगली दौर की वार्ता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा टल सकती है। यह जानकारी नाम ना बताने की शर्त पर एक अधिकारी के हवाले से दी गयी है..
नयी दिल्ली। इस महीने के अंत में प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) पर होने वाली अगली दौर की वार्ता के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की भारत यात्रा टल सकती है। यह जानकारी नाम ना बताने की शर्त पर एक अधिकारी के हवाले से दी गयी है। भारत और अमेरिका के बीच वार्ता का छठा दौर 25 से 29 अगस्त तक नयी दिल्ली में होना तय था। अब तक पाँच दौर की वार्ता पूरी हो चुकी है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर नए टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इनमें रूस से तेल की निरंतर खरीद के चलते अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क भी शामिल है। इससे कुल शुल्क बोझ बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया है।
बातचीत के दौरान अमेरिका, भारत से राजनीतिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों जैसे डेयरी और कृषि.. में अधिक बाजार पहुँच की मांग कर रहा है। लेकिन, भारत ने साफ कर दिया है कि वह ऐसी किसी भी शर्त को स्वीकार नहीं करेगा, जो उसके किसानों और पशुपालकों की आजीविका को प्रभावित करती हो।
दोनों देशों ने इस साल शरद ऋतु तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण को पूरा करने का इरादा जताया है। लक्ष्य यह है कि मौजूदा 191 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को वर्ष 2030 तक बढ़ाकर 500 अरब अमेरिकी डॉलर किया जाए।
What's Your Reaction?