बाइडेन के एक इशारे परअमेरिकी फाइटर जेट से निकली मिसाइल..हवा में फुस्स हो गया चीनी जासूसी गुब्बारा, चीन बोला-सैन्य कार्रवाई जरूरी नहीं थी

<p><em><strong>आखिरकार अमेरिका ने अपने आसमान में मंडरा रहे चीनी जासूसी गुब्बारे को मार गिराया है। अमेरिकी लड़ाकू विमान एफ-22 ने अपनी मिसाइल से गुब्बारे को अमेरिकी तट से दूर उथले समुद्र में गिराया गया। इस गुब्बारे का मलबा 7 समुद्री मील के इलाके में फैल गया है। इसे इकट्ठा करने के लिए अमेरिकी नौसेना के कई युद्धपोत पहले से ही उस क्षेत्र में मौजूद हैं।</strong></em></p>

बाइडेन के एक इशारे परअमेरिकी फाइटर जेट से निकली मिसाइल..हवा में फुस्स हो गया चीनी जासूसी गुब्बारा,  चीन बोला-सैन्य कार्रवाई जरूरी नहीं थी
05-02-2023 - 09:37 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

अमेरिका ने चीनी जासूसी गुब्बारे को दक्षिण कैरोलिना के तट पर मार गिराया है। अभी तक यह चीनी गुब्बारा अमेरिकी जमीन के ऊपर उड़ान भर रहा था। यह जैसे ही समुद्र की ओर बढ़ा, वैसे ही कम खतरे को देखते हुए अमेरिकी लड़ाकू विमान ने इसे मार गिराया। इस संदिग्ध गुब्बारे ने एक हफ्ते पहले अमेरिकी हवाई सीमा में प्रवेश किया था। अमेरिका ने इसे जासूसी गुब्बारा बताया था, वहीं चीन ने इसे सामान्य मौसम संबंधी जानकारी जुटाने वाला बताकर माहौल सामान्य करने की कोशिश की थी। हालांकि इस घटना से अमेरिका और चीन के संबंध जरूर खराब हो गए थे।
बाइडेन बोले- पायलटों को बधाई
राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि उन्होंने गुब्बारे को मार गिराने के लिए बुधवार को ही आदेश जारी कर दिया था। लेकिन, तब अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने इंतजार करने की सिफारिश की थी, जब तक कि यह समुद्र के ऊपर न चला जाए। इसका प्रमुख उद्देश्य शूट डाउन से गिरने वाले मलबे से आम लोगों को बचाना था। बाइडेन ने कहा कि उन्होंने सफलतापूर्वक इसे नीचे गिरा दिया है और मैं अपने एविएटर्स को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने इसे किया।
एआईएम-9एक्स मिसाइल का इस्तेमाल
एक वरिष्ठ अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने कहा कि चीनी गुब्बारे को मार गिराने वाले मिशन में अमेरिकी वायु सेना के कई लड़ाकू और ईंधन भरने वाले विमान शामिल थे। लेकिन, इसे वर्जीनिया के लैंगली एयर फोर्स बेस से उड़े एक एफ-22 रैप्टर लड़ाकू विमान ने दोपहर 2.39 मिनट पर मार गिराया। इसके लिए एक एआईएम-9एक्स सुपरसोनिक हीट सीकिंग मिसाइल का इस्तेमाल किया गया।
सात मील में फैला गुब्बारे का मलबा
अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि गुब्बारे को अटलांटिक महासागर के अमेरिकी तट से लगभग छह समुद्री मील की दूरी पर अपेक्षाकृत उथले पानी में गिराया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में चीनी निगरानी उपकरणों के टुकड़ों को खोजकर उसके विश्लेषण का काम शुरू किया जाएगा। एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने कहा कि चीनी गुब्बारे का मलबा सात मील समुद्र में फैला हुआ है। इसकी खोजबीन के लिए कई अमेरिकी सैन्य जहाज पहले से ही साइट पर तैनात हैं।
अमेरिकी कार्रवाई पर भड़का चीन
चीन ने अपने गुब्बारे पर अमेरिकी हमले की कड़ी निंदा की है। चीन का दावा है कि इसका उपयोग मौसम विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए किया गया था। चीन ने दावा किया था कि यह पूरी तरह गलती से अमेरिकी हवाई क्षेत्र में भटक गया था। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने चीन के दावे को खारिज कर दिया था।
 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।