आखिर उद्धव किस ट्रैक पर...! पहले पीएम मोदी की तारीफ, फिर पत्नी रश्मि ठाकरे के साथ वंदे भारत से सफर
<p>लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दल वोट बैंक के लिहाज से खेमेबंदी करने में जुट गए हैं। भाजपा के साथ ही कांग्रेस और अन्य क्षेत्रीय विपक्षी दल अपने हिसाब से रणनीति बनाने में जुटे हैं।</p>
लोकसभा चुनाव की घोषणा फरवरी के अंत में मार्च के शुरुआती दिनों में कभी हो सकती है। ऐसे में राजनीतिक खेमेबंदी भी शुरू हो चुकी है। बीजेपी की अगुआई में केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए को संसदीय चुनाव में टक्कर देने के लिए विपक्षी दलों ने इंडिया का गठन किया है। इंडिया के बैनर तले कई राजनीतिक दलों ने एकजुटता दिखाई है। हालांकि, कई महत्वपूर्ण घटक दलों के सुर ने विरोधी गठबंधन के ताल को जरूर बिगाड़ा है, लेकिन अभी बहुत कुछ होना बाकी है। इन सबके बीच इंडि अलायंस के महत्वपूर्ण घटक दलों में से एक के मुखिया और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। इसके बाद उन्होंने पत्नी रश्मि ठाकरे के साथ वंदे भारत ट्रेन से यात्रा भी की। चुनावी माहौल में उनके रुख के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
उद्धव ठाकरे सावंतवाड़ी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दुश्मन नहीं हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह पहले भी पीएम मोदी के दुश्मन नहीं थे। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने शिवसेना के साथ संबंध स्थापित करने का फैसला किया था। उद्धव के इस बयान से विपक्षी खेमे में खलबली मचनी तय है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है, जब लोकसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा आने वाले कुछ सप्ताहों में कभी हो सकती है। हालांकि, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे ज्यादा तूल न देने की बात कह कर इसे ज्यादा महत्व न देने की बात कही है।
वंदे भारत ट्रेन से यात्रा
उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी की तारीफ करने के बाद वंदे भारत ट्रेन से यात्रा भी की। उद्धव ठाकरे सोमवार को चिपलून में अपनी सभा को खत्म करने के बाद पत्नी रश्मि ठाकरे के साथ मुंबई तक वंदे भारत ट्रेन से आए। एक तरफ पीएम मोदी की तारीफ और दूसरी तरफ वंदे भारत ट्रेन से उद्धव का मुंबई आना अपने आप में कई संकेत दे रहा है। अब आने वाला वक्त ही बताएगा कि इंडि ब्लॉक एक और महत्वपूर्ण सहयोगी दल का क्या रुख रहता है।
इंडिया ब्लॉक में बिखराव
इंडिया ब्लॉक में बिखराव की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पहले ही साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, बिहार में ऐन वक्त पर इंडिया के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नीतीश कुमार ने विपक्षी ब्लॉक का साथ छोड़ दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव का रवैया भी सीट बंटवारे को लेकर ज्यादा उत्साहजनक नहीं रहा है।
What's Your Reaction?