राहुल गांधी की एंट्री से पहले राजस्थान में कांग्रेस को झटका, रिणवा-डूडी भाजपा में शामिल
<p><em><strong>दोनों नेताओं के इस कदम को सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। बीजेपी में शामिल होते ही जयदीप डूडी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।</strong></em></p>
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कुछ दिन बाद राजस्थान में एंट्री करेगी। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर पार्टी के बड़े नेता रणनीति बनाने में जुटे हैं। वहीं, गहलोत और पायलट के बीच जुबानी जंग चल रही है। इस बीच कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सदस्य जयदीप डूडी और पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने शनिवार को पार्टी छोड़ दी। दोनों नेताओं के इस कदम को सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होते ही जयदीप डूडी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि कुर्सी के लिए सीएम गहलोत और पायलट के बीच चल रही लड़ाई में कांग्रेस उलझकर रह गई है। इसका खमियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है इसलिए बीजेपी में आया हूं।
जयदीप डूडी ने कहा कि सीएम गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रही आपसी लड़ाई में पार्टी और राज्य की जनता का काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि उनका संबंध न गहलोत गुट से था, ना पायलट कैंप से। मेरा संबंध मेरे क्षेत्र भादरा की जनता और कार्यकर्ता से है, जिसकी पिछले चार साल के उपेक्षा की जा रही है। यहां के किसानों को सिंचाई के लिए पूरा पानी नहीं मिल रहा है, शिक्षा और स्वास्थ्य की व्यवस्था भी चैपट है।
बीजेपी सरकार में मंत्री रह चुके हैं रिणवा
जयदीप डूडी और पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने सरदारशहर (चूरू) में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए। जयदीप डूडी पूर्व संसदीय सचिव हैं, जबकि रिणवा वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती बीजेपी सरकार में मंत्री थे।
2018 में बागी हो गए थे राजकुमार रिणवा
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट न मिलने पर राजकुमार रिणवा बागी हो गए। इस पर पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था और उन्होंने ने चूरू की रतनगढ़ सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ा। बाद में, 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
What's Your Reaction?