सुरंग में फंसे सभी 40 मजदूर सुरक्षित, बचावकर्मियों ने साधा संपर्क, पाइप से पहुंचाया खाना-पानी
<p><em><strong>उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में रविवार सुबह निर्माणाधीन सुरंग ढह गई। इस सुरंग में 40 से 45 मजदूर फंसे हुए हैं। मजदूरों को बचाने के लिए पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है।</strong></em></p>
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा रविवार तड़के ढह जाने के बाद अंदर फंसे करीब 40 मजदूर सुरक्षित है। ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन सुरंग में फंसे इन श्रमिकों तक अब भोजन-पानी पहुंचाया जा रहा है। इस हादसे पर उत्तरकाशी के सर्किल ऑफिसर प्रशांत कुमार ने बताया, ‘सुरंग के अंदर 40 लोग फंसे हुए हैं। सभी सुरक्षित हैं, हमने उन्हें ऑक्सीजन और पानी उपलब्ध कराया है।’’
प्रशांत कुमार ने इसके साथ ही बताया, ‘वर्तमान स्थिति यह है कि कल हमने सुरंग के अंदर फंसे लोगों के साथ संचार स्थापित किया। हम सुरंग के अंदर लगभग 15 मीटर तक गए हैं, और लगभग 35 मीटर अभी भी तय करना बाकी है। अंदर फंसे लोगों से संचार स्थापित की जा चुकी है और वे सभी सुरक्षित हैं। हमने ऑक्सीजन और पानी उपलब्ध कराया है। हम सुरंग के अंदर जाने के लिए बगल में अपना रास्ता बना रहे हैं।’
वहीं, राज्य आपदा प्रतिक्रिया अधिकारी दुर्गेश राठौड़ी ने बताया कि ‘लगभग 40 से 45 मजदूर अंदर फंसे हुए हैं। मलबे में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए पाइप के माध्यम से ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। फंसे हुए श्रमिकों को एक ट्यूब के माध्यम से ऑक्सीजन भेजा जा रहा है। साथ ही, उन्हें आश्वासन दिया गया है कि उनकी सुरक्षा के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। मशीनें लगातार मलबा हटा रही हैं।’ हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ जब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सुरंग का 150 मीटर लंबा हिस्सा ढह गया।
What's Your Reaction?