सुलझ गया एशिया कप का टंटा..! रिपोर्ट में दावा...पाकिस्तान में ही खेला जाएगा टूर्नामेंट, भारत भी लेगा हिस्सा

<p><em><strong>प्रस्ताव के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में एक-दूसरे के खिलाफ मैच पाकिस्तान से बाहर खेल सकती हैं।</strong></em></p>

सुलझ गया एशिया कप का टंटा..! रिपोर्ट में दावा...पाकिस्तान में ही खेला जाएगा टूर्नामेंट, भारत भी लेगा हिस्सा
25-03-2023 - 12:36 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

एशिया कप में हिस्सेदारी को लेकर भारत और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच चल रही तनातनी अब सुलझती दिख रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर में होने वाला एशिया कप पाकिस्तान में ही खेला जाएगा लेकिन, भारत के मुकाबले पाकिस्तान में नहीं होंगे। टीम इंडिया एशिया कप के मुकाबले किस देश में खेलेगी? यह अभी फाइनल नहीं हुआ है। लेकिन, यूएई, ओमान, श्रीलंका और यहां तक कि इंग्लैंड भी कम से कम दो भारत-पाकिस्तान मुकाबलों सहित 5 मैच की मेजबानी के संभावित दावेदार हैं।
ईएसपीएन-क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती गतिरोध के बाद बीसीसीआई और पीसीबी दोनों इस विवाद को हल करने के करीब पहुंचते दिख रहे हैं। प्रस्ताव के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में एक-दूसरे के खिलाफ मैच पाकिस्तान से बाहर खेल सकती हैं।
एशियन क्रिकेट काउंसिल ने इस बार एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान को सौंपी है। लेकिन, बीसीसीआई ने टीम इंडिया को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से ही टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
भारत के मैच पाकिस्तान से बाहर कराने पर बनी सहमति
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एशिया कप की मेजबानी को लेकर बनी टकराव की इस स्थिति को खत्म करने के लिए भारत के मैच पाकिस्तान से बाहर कराने के प्रस्ताव पर एशियन क्रिकेट काउंसिल के सभी सदस्यों ने सैद्धांतिक तौर पर सहमति दे दी है। पिछले हफ्ते आईसीसी बोर्ड मीटिंग के इतर दुबई में एसीसी के मेंबर देशों की बैठक में इस पर सहमति बनी थी। हालांकि, अंतिम फैसला अभी बाकी है। समाधान के इस रास्ते को सही बनाने के लिए एक वर्किंग ग्रुप बनाया गया है, जो सभी टीमों की सहमति को ध्यान में रखते हुए ट्रैवल प्लान और लॉजिस्टिक्स का इंतजाम देखेगा।
भारत-पाकिस्तान की टीमें एक ही ग्रुप में हैं
भारत और पाकिस्तान की टीमों को 6 देशों के एशिया कप के टूर्नामेंट में क्वालिफायर टीम के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। वहीं, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान दूसरे ग्रुप का हिस्सा हैं। एशिया कप में 13 दिन के भीतर फाइनल समेत कुल 13 मैच खेले जाएंगे। 2022 एशिया कप के फॉर्मेट के मुताबिक, हर ग्रुप की शीर्ष 2 टीमें सुपर 4 में आगे बढ़ती हैं और शीर्ष दो टीमें फिर फाइनल खेलती हैं। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में 3 बार टक्कर होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।