इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन पर लगी आज तक की सबसे बड़ी बोली, 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा पंजाब किंग्स ने
<p><em>इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। कोच्चि में चल रहे IPL मिनी ऑक्शन में 24 साल के करन को 18.50 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स ने खरीदा।</em></p>
आज (शुक्रवार) दोपहर ढाई बजे शुरू हुए IPL मिनी ऑक्शन में 87 खिलाड़ी खरीदे जाने थे। इसके लिए शुरू हुए ऑक्शन प्रक्रिया चार घंटे में 37 खिलाड़ी ही खरीदे गए हैं। इनमें 18 विदेशी हैं। आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने 206.5 करोड़ में से 139.90 करोड़ रुपए खर्च किये हैं। अभी फ्रेंचाइजियों के पास 66.6 करोड़ की रकम बची है।
IPL मिनी ऑक्शन 2023 में क्या ख़ास :
1. सबसे महंगे सैम करन, क्रिस मॉरिस का रिकॉर्ड तोड़ा
सैम करन IPL ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। पंजाब ने उन्हें 18.50 करोड़ रुपए में खरीदा। सबसे महंगे प्लेयर का पिछला रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका के क्रिस मॉरिस के नाम था। उन्हें 16.25 करोड़ रुपए मिले थे। हालांकि करन IPL इतिहास में सबसे अधिक रकम पाने वाले खिलाड़ी नहीं हैं।
2. IPL इतिहास में सबसे कीमती विकेटकीपर बने पूरन
IPL नीलामी इतिहास में एक और रिकॉर्ड बना। विकेटकीपर के तौर पर अब तक सबसे महंगे बिकने वाले वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं। उन्हें 16 करोड़ में लखनऊ सुपर जॉयंट्स ने खरीदा। इससे पहले सबसे ज्यादा कीमत पाने वाले विकेटकीपर मुंबई के ईशान किशन (15.25 करोड़) थे। बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर सबसे ज्यादा बोली लगी।
3. फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स पर रिकॉर्ड बोली
उम्मीद के मुताबिक मिनी ऑक्शन में फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर्स सबसे ज्यादा डिमांड में रहे। 30 मिनट में इन ऑलराउंडर्स ने 59 करोड़ रुपए बटोर लिये। पिछले टी-20 वर्ल्ड कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सैम करन को सबसे ज्यादा 18.50 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स ने खरीदा। ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये में अपने नाम किया। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स को 16.25 करोड़ रुपये मिले। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा। जेसन होल्डर को राजस्थान रॉयल्स ने 5.75 करोड़ रुपये में खरीदा।
4. अनकैप्ड विव्रांत शर्मा को 2.6 करोड़, सबको चौंका दिया
अनकैप्ड खिलाड़ियों के ऑक्शन में जम्मू-कश्मीर के विव्रांत शर्मा पर लगी बोली ने सबको सरप्राइज कर दिया। लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी करने में सक्षम विव्रांत को सनराइजर्स ने 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा। अनकैप्ड तेज गेंदबाज शिवम मावी को भी टाइटंस ने 6 करोड़ रुपये में खरीदा। उनके अलावा बंगाल के पेसर मुकेश कुमार को 5.50 करोड़ में दिल्ली ने खरीदा।
What's Your Reaction?