Karnataka Elections : कर्नाटक को ‘संप्रभु’ कहने पर भाजपा ने की सोनिया की शिकायत: चुनाव आयोग ने सफाई मांगी
<p><em><strong>रैली खत्म होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट कर लिखा था- 6.5 करोड़ कर्नाटक वासियों को कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी चेयरपर्सन सोनिया गांधी का स्ट्रॉन्ग मैसेज। कांग्रेस कर्नाटक की साख, संप्रभुता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देगी।</strong></em></p>
भाजपा ने सोमवार को सोनिया गांधी के खिलाफ इलेक्शन कमीशन में शिकायत दर्ज कराई। दरअसल, सोनिया गांधी ने 6 मई को कर्नाटक के हुबली में एक रैली की थी। सोनिया की यह कर्नाटक में पहली और आखिरी रैली थी। यह रैली खत्म होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ट्वीट कर लिखा था- 6.5 करोड़ कर्नाटक वासियों को कांग्रेस पार्लियामेंट्री पार्टी चेयरपर्सन सोनिया गांधी का स्ट्रॉन्ग मैसेज। कांग्रेस कर्नाटक की साख, संप्रभुता और अखंडता पर कभी आंच नहीं आने देगी।
भाजपा ने उठाई आपत्ति
इसी बयान पर भाजपा का एक शिष्टमंडल केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह और पार्टी नेता अनिल बलूनी के नेतृत्व में सोमवार को चुनाव आयोग से मिला और सोनिया गांधी पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेता तरुण चुग ने बताया- संप्रभु एक राष्ट्र होता है, राज्य नहीं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने संप्रभुता की बात बोलकर देश के संविधान का अपमान किया है। हमने चुनाव आयोग से उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की है। सोनिया गांधी को देश से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। अब चुनाव आयोग ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर उनकी सोशल मीडिया पोस्ट को स्पष्ट करने या सुधारने को कहा है।
सोशल मीडिया हैंडल पर किया था शेयर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस के इस ट्वीट पर रविवार को मैसूरु के नंजनगुड़ की रैली में कहा- इस चुनाव में अब कांग्रेस के शाही परिवार ने कहा है कि वो कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं। जब कोई देश आजाद हो जाता है तो उसे संप्रभु राष्ट्र कहते हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस खुलकर कर्नाटक को भारत से अलग करने की वकालत कर रही है। टुकड़े-टुकड़े गैंग की बीमारी कांग्रेस में इतनी ऊपर तक पहुंच जाएगी, मैंने सोचा नहीं था।
राहुल ने बस में सवारी की, प्रियंका ने रोड शो किया
कर्नाटक में 10 मई को चुनाव होना है। सोमवार को प्रचार का आखिरी दिन था। प्रियंका गांधी ने विजयनगर में रोड शो निकाला। इसी के साथ प्रियंका ने चुनाव प्रचार अभियान का समापन किया। वहीं, राहुल गांधी ने वर्किंग महिलाओं के साथ बस में सवारी की और बस स्टॉप पर कॉलेज स्टूडेंट के साथ बातचीत की और सेल्फी खिंचवाई। इस कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 65 से ज्यादा रैलियां और 20 के करीब रोड शो किए हैं। इसमें एक रैली सोनिया गांधी की भी थी। जो सालों बाद चुनाव प्रचार करने आईं थीं।
What's Your Reaction?