भाजपा की दूसरी सूची तैयार ! राजस्थान की 80 सीटों पर प्रत्याशी तय
<p><em><strong>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शुक्रवार रात भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में राजस्थान के 80 सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए गए। प्रत्याशियों की सूची अब कभी भी जारी की जा सकती है।</strong></em></p>
भाजपा की राजस्थान के उम्मीदवारों को लेकर दूसरी सूची तैयार हो चुकी है। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजस्थान की प्रदेश कोर कमेटी की ओर से फाइनल की गई 159 सीटों की सूची प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने चर्चा के लिए सीईसी के सामने रखी। सूत्रों के मुताबिक इसमें से कुल 80 सीटों पर व्यापक विचार विमर्श हुआ।
इसमें 70 सीटों के लिए पूर्ण सहमति और अन्य 10 सीटों पर आंशिक सहमति बनी। पिछली बार टिकट पाए 10 नेताओं की छवि सर्वे में कमजोर पाए जाने पर टिकट कटने की भी चर्चा हुई। राजस्थान के बाद तेलंगाना के उम्मीदवारों के नाम पर मंथन हुआ और सूची पर मुहर लगाई गई।
होंगे दिग्गजों के नाम
सूत्रों ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से जुड़ी सीटों पर इस बैठक में निर्णय लिया गया है। राजस्थान की दूसरी और तीसरी सूची किसी भी दिन जारी हो सकती है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के नाम हो सकते हैं। भाजपा राजस्थान की 200 में से 41 उम्मीदवारों की सूची पहले ही जारी कर चुकी है।
मोदी ने दिया सामूहिक नेतृत्व पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में राजस्थान और मध्यप्रदेश के नेताओं को खास संदेश देते हुए सामूहिक नेतृत्व में कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा कि दल से बड़ा कोई नहीं है, हम सभी को पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता बनकर चुनाव जीतने में लग जाना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश इकाई के बीच बेहतर तालमेल की सराहना करते हुए अचूक चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
What's Your Reaction?