डरावनी गति से बढ़ रहा कोरोना: 3 राज्यों में मास्क को लेकर नए नियम, राज्यों की नई गाइडलाइन

<p><em><strong>कुछ एक्सपर्ट का कहना है कि जिस तेजी से फैल रहा है, उसी तेजी से नीचे आने की भी संभावना है।</strong></em></p>

डरावनी गति से बढ़ रहा कोरोना: 3 राज्यों में मास्क को लेकर नए नियम, राज्यों की नई गाइडलाइन
10-04-2023 - 07:58 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

देश में एक बार फिर कोरोना के मामले बढ़े हैं, जिसको लेकर सरकार अलर्ट है। कुछ राज्यों में मास्क अनिवार्य भी कर दिया गया है। हालांकि कुछ एक्सपर्ट का कहना है कि जिस तेजी से फैल रहा है, उसी तेजी से नीचे आने की भी संभावना है। वहीं, कोरोना तैयारियों को लेकर सोमवार और मंगलवार को पूरे देश में मॉक ड्रिल किया जा रहा है।
देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली, महाराष्ट्र समेत कुछ दूसरे राज्यों में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़े हैं और इसी का नतीजा है कुछ राज्यों में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। हरियाणा, केरल समेत कुछ दूसरे राज्यों में कोरोना को लेकर नियम भी बदले गए हैं। साथ ही, सोमवार और मंगलवार को पूरे देश में कोरोना से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए मॉक ड्रिल किया जा रहा है।
किन राज्यों में बदले नियम
हरियाणा - हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। हरियाणा के स्कूलों में भी मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जनता से कोविड नियमों का पालन करने की अपील की है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यदि खांसी, जुकाम के मरीज अस्पताल में आते हैं तो ऐसे मरीजों का कोरोना टेस्ट अनिवार्य किया जाए। इसके अलावा जिन मरीजों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, ऐसे मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जाए।
केरल- कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर केरल सरकार भी सतर्क है। केरल ने गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों वाले लोगों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद कहा कि कोविड से संबंधित मौतें 60 साल से ऊपर के लोगों की है जो गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे। उन्होंने ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
पुडुचेरी- प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि कहा गया है कि अस्पतालों, होटल, रेस्तरां, शराब की दुकानों, सरकारी कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनना चाहिए।
उत्तर प्रदेश- स्वास्थ्य विभाग ने जांच रफ्तार बढ़ाने और इमरजेंसी में भर्ती होने से पहले मरीज की कोविड जांच अनिवार्य कर दी गई है। इसके साथ ही सर्जरी के पहले मरीज और उसके साथ आने वाले का भी कोरोना टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। संदिग्ध मरीजों की जांच हो रही है।
दिल्ली- स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों, पॉलीक्लीनिक को जांच बढ़ाने का निर्देश दिया है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, पिछले शुक्रवार को बीते सात महीनों में कोविड-19 के सबसे अधिक 733 मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य केंद्रों से कहा गया है कि बुखार, कफ, बदन दर्द जैसे लक्षण वाले किसी भी मरीज के पहुंचने पर उसकी कोविड जांच कराई जाए।
यह वेरिएंट कितना खतरनाक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि कोविड महामारी की संभावित चैथी लहर पर सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पिछला कोविड म्यूटेशन ओमिक्रॉन का बीएफ.7 सब-वेरिएंट था और अब एक्सबीबी1.16 सब-वेरिएंट संक्रमण में वृद्धि का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह सब-वेरिएंट बहुत खतरनाक नहीं हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।