राजस्थान में बिपरजॉय: बाड़मेर-सिरोही और जालोर में बाढ़ जैसे हालात 

<p><em><strong>राजस्थान में बिपरजॉय तूफान के असर से शनिवार को बाड़मेर, माउंट आबू, सिरोही, उदयपुर, जालोर, जोधपुर और नागौर में भारी बारिश हुई। बाड़मेर में बाढ़ के हालात बन गए हैं। यहां एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। बिपरजॉय 17 किमी प्रति घंटा की स्पीड से जोधपुर-पाली की तरफ बढ़ रहा है। जयपुर-जोधपुर में रात करीब 8 बजे फिर से बारिश शुरू हो गई।</strong></em></p>

राजस्थान में बिपरजॉय: बाड़मेर-सिरोही और जालोर में बाढ़ जैसे हालात 
18-06-2023 - 11:38 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

पिछले 24 घंटे के दौरान माउंट आबू में रिकॉर्ड 8.4 इंच पानी बरसा। मौसम केंद्र जयपुर ने सिरोही और जालोर में भी बाढ़ के हालात बनने की आशंका जताई है। खराब मौसम को देखते हुए उदयपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाली दो फ्लाइट भी कैंसिल की गई हैं। बाड़मेर में शाम होते-होते हालात बिगड़ने लगे। शाम करीब 6 बजे बाद चैहटन और आस-पास इलाकों में बारिश रुकी। यहां बारिश से घरों में करीब 4 से 5 फीट पानी भर गया है। बिजली सप्लाई भी बंद है।
पांच हजार लोगों को शिफ्ट किया
मौसम विभाग ने बाड़मेर, जालोर, सिरोही और पाली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे बाड़मेर के 5 गांवों (बाखासर, सेड़वा चैहटन, रामसर, धोरीमना) के पांच हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। पाली के जैतारण थाना क्षेत्र में 11केवी बिजली लाइन का तार गिरने से बंजाकुडी गांव की 16 साल की पूजा कुमावत की मौत हो गई। इस हादसे में एक बछड़ी भी करंट से झुलसकर मर गई।
छह जोड़ी ट्रेनें रद्द
रेलवे ने भीलड़ी, बाड़मेर और मुनाबाव रेल खंड पर छह जोड़ी ट्रेनों को 18 जून के लिए रद्द कर दिया है। जोधपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा ने बताया कि 04841-04842, जोधपुर-भीलड़ी-जोधपुर एक्सप्रेस,14893-14894,जोधपुर-पालनपुर-जोधपुर एक्सप्रेस, 04881-04882, बाड़मेर-मुनाबाव-बाड़मेर एक्सप्रेस, 14895-14896, जोधपुर-बाड़मेर-जोधपुर-एक्सप्रेस, 04839-04840, जोधपुर-बाड़मेर-जोधपुर एक्सप्रेस तथा रेल सेवा 04843-04844, जोधपुर-बाड़मेर-जोधपुर एक्सप्रेस 18 जून को भी कैंसिल रहेगी।
रेलवे ट्रैक पर टूटकर गिरा विशाल पेड़
बिपरजॉय तूफान के कारण आज दोपहर आबू रोड से अजमेर रेलवे ट्रैक पर आबू रोड और मोरथला के बीच एक विशाल पेड़ टूटकर गिर गया। सूचना मिलते ही रेलवे ने ट्रेनों की आवाजाही तुरंत रोक दी गई। रेलवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक से पेड़ हटा दिया। वहीं, बिजली विभाग ने टूटे तारों को जोड़ने का कार्य शुरू किया। एक ट्रैक बाधित होने से ट्रेनों को दूसरे ट्रैक से चलाया गया। स्टेशन अधीक्षक जाटव ने बताया कि हरिद्वार मेल, जम्मूतवी ट्रेन को 30 मिनट देरी से रवाना किया गया।
शेखावाटी इलाके में भी असर
बिपरजॉय का असर शेखावाटी इलाके में भी देखने को मिला। जिले के खंडेला कस्बे में करीब 1 घंटे तक तेज बारिश हुई। इस दौरान वहां के मुख्य बाजार में सड़क पर पानी भर गया। खंडेला के अलावा जिले के लोसल, धोद सहित अन्य इलाकों में भी बारिश हुई। जालोर में तेज हवा व बारिश के कारण मेडा-छिपरवाड़ा रोड पर बोलेरो पलट गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। हादसे में शिवसेना नेता करण सिंह थांवला, रविन्द्र सिंह थांवला, प्रताप सिंह थांवला, पुखराज मीणा व ओबा राम प्रजापत घायल हो गए।
80 फीसदी राजस्थान में बादल छाए 
बिपरजॉय के असर से 80 फीसदी राजस्थान में बादल छाए हैं। बीते 24 घंटे में अब तक सबसे ज्यादा बारिश बाड़मेर जिले के चैहटन में 8.4, सेड़वा में 6.1, धोरीमन्ना में 8, धनाऊ में 5.7 इंच बारिश हुई है। तूफान बिपरजॉय शुक्रवार रात राजस्थान पहुंचा था। राज्य में इसका असर रविवार तक रहेगा। तूफान के असर से अब जयपुर और दिल्ली के कुछ इलाकों में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।