चीन की बजाय गूगल भारत में बनाएगा पिक्सल फोन
कोविड-19 ने दुनिया की अर्थव्यवस्था को प्रभावित किया। समझा गया कि यह वायरस चीन से ही दुनिया के अन्य देशों तक पहुंचा। हालांकि चीन में भी लॉकडाउन लगाया गया और सख्ती की गई लेकिन इससे वहां बहुत सी निर्माण कंपनियों का उत्पादन बाधित हुआ। कुछ ऐसी ही परेशानियों के चलते अब गूगल ने अपने कुछ उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण चीन से अन्यत्र करने का मन बनाया है। इसी संदर्भ में गूगल ने अपने पिक्सल फोन के निर्माण के लिए भारत को चुना है और इसके लिए कंपनी ने भारतीय निर्माताओं से निविदा आमंत्रित की हैं।
सूत्रों का कहना है कि गूगल का इरादा कुल उत्पादन में से 10 से 20 फीसदी उत्पादन ही भारत में ही करने का है। उल्लेखनीय है कि हाल के वर्षों में गूगल इस फोन का निर्माण केवल चीन में ही करता रहा है। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार चीन में लॉकडाउन और ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका से टकराव की वजह से अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में भय की स्थिति है। यही नहीं लॉकडाउन के कारण चीन में गूगल सहित कई वैश्विक कंपनियों को अपने उत्पादन संयंत्र चालू रखने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। वहां उत्पादकों का निर्माण कार्य रुक गया है और सप्लाई चेन में बाधा आ गई। यही कारण है कि अब गूगल ने भारत में 5 लाख से 10 लाख तक पिक्सल फोन बनाने का फैसला किया है.
What's Your Reaction?