जोधपुर में वकील की सरेआम हत्या: कानून व्यवस्था को लेकर अपनों ने उठाए गहलोत सरकार पर सवाल, विपक्ष ले रहा आड़े हाथ
<p><em><strong>उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड, प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया के साथ जोधपुर के ओसियां से कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने वकील के मर्डर केस की तुलना कन्हैया लाल हत्याकांड से कर डाली।</strong></em></p>
प्रदेश में बढ़ते अपराधों और लचर कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक बार फिर विपक्ष के साथ-साथ अपने ही विधायकों के निशाने पर आ गए हैं। शनिवार को जब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जोधपुर में ही मौजूद थे, तभी बदमाशों ने एक वकील की चाकू से गोदकर हत्या कर दी, जिसके बाद लचर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ओसियां से कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने एक बार फिर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। उन्होंने वकील हत्याकांड की तुलना उदयपुर के कन्हैया लाल हत्याकांड से भी कर डाली। देर रात दिव्या मदेरणा ने एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को निशाने पर लिया। दिव्या मदेरणा ट्वीट करते हुए लिखा के यह मुख्यमंत्री के गृह निर्वाचन क्षेत्र में डीसीपी पूर्व की ओर से कानून व्यवस्था की पूरी तरह से विफलता है, जबकि मुख्यमंत्री जोधपुर वासियों के लिए विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन करने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर शहर में आए हैं।
पुलिस ने नहीं दी सुरक्षा
दिव्या मदेरणा ने आगे लिखा के यह कन्हैया लाल हत्याकांड में जैसा पुलिस का रवैया था उसी तरह का रवैया यहां भी देखने को मिला है, जहां कन्हैयालाल ने भी पुलिस थाने में जिन लोगों से खतरा होना बताया था। पुलिस ने उन लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं, पुलिस का कोई इकबाल नहीं है। इस केस में वकील जुगराज की बेटी ने बताया कि इन लोगों से खतरा होने की पुलिस थाने में पहले ही रिपोर्ट दी थी जिस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इन लोगों ने दिनदहाड़े वकील जुगराज चैहान की निर्मम हत्या कर दी।
पहले भी दिव्या मदेरणा के निशाने पर रहे मुख्यमंत्री
यह सब पहला मौका नहीं है जब दिव्या मदेरणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत निशाना साधा है। उससे पहले बीते साल 25 सितंबर की घटना के बाद भी दिव्या मदेरणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उनके समर्थक विधायकों पर सवाल खड़े किए थे और पार्टी आलाकमान से कार्रवाई करने की मांग की थी।
विपक्ष ने भी उठाए कानून व्यवस्था पर सवाल
जोधपुर में वकील की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले को लेकर विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर में वकील की सरेआम हत्या की घटना सरकार के माथे पर कलंक है।
What's Your Reaction?