जयपुर में मेगा जॉब फेयर: 60 से ज्यादा कम्पनियां मौके पर दे रही प्लेसमेंट
<p><em><strong>सोमवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर का उद्घाटन सीएम गहलोत ने किया।</strong></em></p>
राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुनरमंद युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए राज्य सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर के पहले दिन ही लगभग 16,500 युवाओं का साक्षात्कार लेकर व 5000 से अधिक प्रतिभागियों को शॉर्टलिस्ट किया जाकर लगभग 825 युवाओं को मौके पर ही प्लेसमेंट दिया गया।
सोमवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में दो दिवसीय मेगा जॉब फेयर का उद्घाटन सीएम गहलोत ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यहां लगे विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा वहां मौजूद युवाओं से मिलकर बातचीत की।
सवा लाख सरकारी नौकरियां दीं
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 1.25 लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, लगभग इतने ही पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है तथा 1 लाख नौकरियों की और घोषणा की गई है।
उमड़े युवा तो दो दिन किया आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेगा जॉब फेयर में पंजीकरण अधिक होने के कारण इसका आयोजन दो दिवसीय कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेगा जॉब फेयर में मेरिट के आधार पर नौकरी के लिए चयन हो रहा है तथा युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के जॉब फेयर का आयोजन राज्य के प्रत्येक जिले में किया जाएगा।
43 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया
इस दौरान जॉब फेयर में आई प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निजी क्षेत्र में लगभग 30 हजार नौकरियां सृजित करने के लिए एम.ओ.यू. साइन किया गया। इस दो दिवसीय जॉब फेयर के लिए लगभग 43 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। जॉब फेयर में 17 सेक्टर की 60 से ज्यादा निजी कम्पनियों की ओर से लगभग 10 हजार वेकेंसी को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के प्रयासों से युवा को रोजगार
कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की युवाओं के प्रति सकारात्मक सोच के कारण ही यह मेगा जॉब फेयर संभव हो पाया है। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वारा खुले हैं।
What's Your Reaction?