मेघालय सीएम ऑफिस पर भीड़ का हमला: 5 सुरक्षाकर्मी घायल
<p><em><strong>जिस समय हमला हुआ, मुख्यमंत्री संगमा कार्यालय में आंदोलनकारियों से बात कर रहे थे।</strong></em></p>
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के तुरा में बने ऑफिस पर भीड़ ने सोमवार शाम को हमला कर दिया। सीएम संगमा सुरक्षित हैं, लेकिन उनके पांच सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। तुरा शहर में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है।
जिस समय हमला हुआ, उस समय संगमा अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बात कर थे। ये संगठन पिछले 14 दिनों से तुरा को विंटर कैपिटल बनाने की मांग करने के लिए भूख हड़ताल कर रहे हैं। सीएम ने इनके प्रतिनिधियों को सोमवार को बातचीत के लिए बुलाया था। बातचीत करीब पूरी हो गई थी तभी अचानक भीड़ आई और पथराव करने लगी। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। भीड़ ने सीएम ऑफिस का गेट तोड़ने की भी कोशिश की।
आंसू गैस के गोले दागने पड़े
बेकाबू भीड़ मुख्यमंत्री कार्यालय पर पत्थर फेंकती रही। इसे काबू करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। सीएम संगमा ने हिंसा में घायल सुरक्षाकर्मियों का हालचाल लिया है। संगमा के घायल सुरक्षाकर्मियों से बातचीत के वक्त की तस्वीर मीडिया में सामने आई है। फोटो में घायल सुरक्षाकर्मी फर्श पर पड़े दिख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घायल कर्मियों के लिए 50 हजार रुपए की मदद और इलाज का खर्च देने की घोषणा की है।
50 साल पुरानी मांग को लेकर हंगामा
सिविल सोसाइटी ग्रुप का कहना है कि 1972 में मेघालय को पहली बार राज्य का दर्जा मिला था। तब तुरा को राजधानी बनाने का वादा किया गया था। आंदोलन करने वाले यहां मिनी सचिवालय के लिए भी राजी हैं। उनका कहना है कि गारो हिल्स में रहने वाले सभी समुदायों के विकास और समस्याओं को हल करने के लिए विंटर कैपिटल बनाना ही एकमात्र तरीका है।
हमलावर बाहरी लोग हैं: सीएम संगमा
मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा- ऑफिस पर हमला बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बात कर रहे हैं। उनकी कुछ मांगे हैं। इन संगठनों के प्रतिनिधि भी नहीं जानते कि हमलावर कौन हैं। ये बाहर से आए हुए लोग थे। इनका पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?