एसएमएस अस्पताल को मिली 34.5 करोड़ की अत्याधुनिक मशीनें
<p><em><strong>मुख्यमंत्री ने एसएमएस अस्पताल में किया नवीन सुविधाओं का लोकार्पण, मरीजों की सटीक जांच और उपचार में मिलेगी मदद</strong></em></p>
जयपुर का एसएमएस अस्पताल अब विश्वस्तरीय अत्याधुनिक मशीनों से लैस हो गया है। न्यूरोवेस्कूलर बीमारियों की सही जांच और उपचार के लिए इतनी आधुनिक मशीनें देश कुछ ही अस्पतालों में उपलब्ध है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को सवाई मानसिंह चिकित्सालय में नवीन सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अस्पताल में नई जांच मशीनों के लगने से रोगियों के उपचार में सुविधा होगी।
कौनसी मशीन कहां लगेगी
एसएमएस अस्पताल में 12 करोड़ रुपयों की लागत की स्पैक्ट्रल सिटी स्केन मशीन का लोकार्पण सोनी सिटी एमआरआई सेन्टर में किया गया। 256 स्लाइस क्षमता की इस मशीन से मरीजों पर रेडिएशन का प्रभाव कम होगा। यह मशीन सभी प्रकार की बीमारियों की पहचान करने में सक्षम है। वहीं, न्यूरोसर्जरी विभाग में 10 करोड़ रुपये की लागत से डिजिटल सब्सटै्रक्शन एंजियोग्राफी लैब का लोकार्पण किया गया। इससे कम समय और अत्यन्त बारीकी से ब्रेन और स्पाइन की एंजियोग्राफी की जा सकेगी। गहलोत ने कार्डियोलाॅजी विभाग में 6.5 करोड़ रुपये की लागत से नवीन कैथ लैब और रेडियो डाइग्नोसिस विभाग में 6 करोड़ की लागत से डिजिटल सब्सट्रैक्शन एंजियोग्राफी एडवांस लैब का लोकार्पण किया।
राजस्थान के चिकित्सकों का दुनिया में डंका
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना में प्रदेश के चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने शानदार कार्य किया, जिसकी पूरे देश में सराहना हुई। राजस्थान में महंगी दवाएं व जांचों के साथ-साथ अब कॉकलियर इम्पलांट जैसा महंगे इलाज निःशुल्क मिल रहे हैं। प्रदेश के 33 में से 30 जिलों में मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं, जिनमें फैकल्टी, आधारभूत सुविधाओं और उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित करने का कार्य किया जा रहा है।
हड़ताल करने से परहेज करें डाॅक्टर
उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा एक मानवीय कार्य है तथा इसमें हड़ताल होने से मरीजों को काफी समस्याएं आती हैं। अतः इससे परहेज किया जाना चाहिए। राज्य सरकार चिकित्सकों की सभी समस्याएं सुनने तथा हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एमएमएस अस्पताल के कार्डियक सर्जरी विभाग के डॉ. अनिल शर्मा, प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ. राकेश जैन, न्यूरोलाॅजी विभाग के डॉ. अरविंद व्यास ने अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया तथा आरयूएचएस के वीसी सुधीर भण्डारी सहित विभिन्न अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित थे।
What's Your Reaction?