तमाम अव्यवस्थाओं से जूझ रहे गंगोत्री नगर के लोगों की सुनने वाला कोई नहीं
<p><em>जयपुर शहर के बड़े अस्पतालों में शुमार बिरला हॉस्पिटल के पास स्थित गंगोत्री नगर के स्थानीय लोग पिछले कई सालों से मूलभूत समस्याओं से लड़ रहे हैं लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। कॉलोनी के पूर्वी हिस्से में तो रहना ही मुश्किल हो गया है। यहाँ अव्यवस्था से परेशान लोगों ने कई बार नगर निगम/पार्षद को अपनी समस्याओं से अवगत कराया लेकिन टालने वाले जवाब के अलावा कुछ नहीं मिलता। </em></p>
जयपुर में गोपालपुरा रोड के निकट बजरी मंडी के सामने स्थित गंगोत्री नगर के स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी के पूर्वी हिस्से में तो रहना ही मुश्किल हो गया है। यहां की निवासी श्वेता चतुर्वेदी के अनुसार कोई सुरक्षा न होने के कारण यहाँ आये दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं और लापरवाही का आलम ये है कि शिकायतों के बावजूद आज तक किसी प्रकार कि सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गयी।
त्रिवेणी पुलिया के पास बसी इस कॉलोनी के वासी न सिर्फ चोरियों की घटनाओं से त्रस्त हैं बल्कि अतिक्रमण, आवारा जानवरों , कूड़ा-करकट, शराबियों आदि से बेहद परेशान रहते हैं। यही नहीं यहाँ बंजारे भी आ कर अपना डेरा डाले रहते हैं और शराब पी कर गाली गलौच, लड़ाई-झगडे आम बात है। इनके द्वारा बिजली और पानी की चोरी तो खुले होती है। कॉलोनी के निवासियों के अनुसार यदि कोई इनसे कुछ कहता भी है तो ये लोग दादागिरी पर उतर आते है।
इस क्षेत्र के आस-पास कई छोटे-छोटे ढाबे और हॉस्टल/पीजी भी चलते हैं, जिनके सारा कूड़ा-करकट का भी ढेर लगा रहता है। यहाँ तक कि इन हॉस्टलों में रहने वाले कॉलोनी की प्राइवेसी को दरकिनार करते हुए देर रात तक शोर-शराबा करते रहते हैं।
इन परेशानियों के साथ यहाँ रह रहे लोगों की शिकायतों को सुनने के लिए न तो नगर निगम के अधिकारीयों ,न ही पार्षद के पास समय है।
What's Your Reaction?