Pakistan News : अंधेरे में पाकिस्तान.. पहले आटा, फिर गैस-पेट्रोल और अब बिजली संकट का टूटा कहर..!
<p><em><strong>Pakistan News</strong> : पिछले कई दिनों से पाकिस्तान एक के बाद एक नयी-नयी मुसीबतों का सामना कर रहा है। पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा पाकिस्तान अब वाकई अंधेरे में डूब चुका है। देश में पहले आटा खत्म हुआ, फिर गैस और पेट्रोल का संकट आया और अब बारी बिजली की है। जानकारी मिल रही है कि पाकिस्तान का एक बड़ा हिस्सा आज सुबह से ही अंधेरे में डूबा हुआ है। क्वेटा और गुड्डू के बीच हाई-टेंशन ट्रांसमिशन लाइनों में खराबी के चलते सोमवार, 23 जनवरी को देश के विभिन्न हिस्सों में बिजली गुल हो गई। </em></p>
Pakistan News वेबसाइट 'दुनिया न्यूज' के मुताबिक बलूचिस्तान के 22 जिलों सहित क्वेटा, इस्लामाबाद, लाहौर, मुल्तान क्षेत्र के शहरों और कराची जैसे कई जिलों में बिजली की कटौती की गई है। लाहौर में मॉल रोड, कनाल रोड और अन्य क्षेत्रों में लोग बिजली कटौती के संकट से जूझ रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। खबरों के अनुसार ट्रांसमिशन लाइनों में तकनीकी खराबी के चलते सिंध, खैबर पख्तूनख्वा, पंजाब और राजधानी में बिजली ठप हो गई है। इस्लामाबाद बिजली सप्लाई कंपनी के 117 ग्रिड स्टेशनों की बिजली सप्लाई भी बाधित हुई है जिससे पूरा शहर और रावलपिंडी भी अंधेरे में डूब गए हैं।
पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि नेशनल ग्रिड में सुबह 7:34 बजे गड़बड़ी दर्ज की गई। बिजली सप्लाई बहाल करने के प्रयास जारी हैं। बिजली न होने से मेट्रो सेवा भी प्रभावित हुई है जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली को वापस आने में कई घंटे लग सकते हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान पहले से बिजली की किल्लत और लंबी कटौती का सामना कर रहा है। सरकार बिजली बचाने के लिए बाजारों को 8 बजे ही बंद करने का आदेश जारी कर चुकी है।
What's Your Reaction?