दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने लिखा खास संदेश

<p><em>15वें ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत से रवाना हुए पीएम मोदी। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर 22-24 अगस्त तक दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर रहे हैं। ब्रिक्स बैठक में पीएम मोदी के साथ कई देशों के प्रमुखों से द्विपक्षीय वार्ता होने की उम्मीद है। ब्रिक्स में ब्राजील रूस भारत चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।</em></p>

दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने लिखा खास संदेश
22-08-2023 - 12:54 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

पीएम नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में होने वाले 15 वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मंगलवार सुबह रवाना हो चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर 22-24 अगस्त तक पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर रहे हैं।

ब्रिक्स बैठक में पीएम मोदी के साथ कई देशों के प्रमुखों से द्विपक्षीय वार्ता होने की उम्मीद है। ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। जो दुनिया की एक चौथाई अर्थव्यवस्था का प्रतिनिधित्व करता है।

रवाना होने से पहले पीएम ने लिखा एक संदेश

दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल के जरिए एक संदेश लिखा। उन्होंने लिखा, ‘मैं ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए  दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के लिए रवाना हो रहा हूं। मैं ब्रिक्स-अफ्रीका आउटरीच और ब्रिक्स प्लस डायलॉग कार्यक्रमों में भी हिस्सा लूंगा। शिखर सम्मेलन ग्लोबल साउथ और विकास के अन्य क्षेत्रों के लिए चिंता के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मंच प्रदान करेगा।’

25 अगस्त को ग्रीस की यात्रा करेंगे पीएम मोदी

जानकारी के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 15 वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में वर्चुअली शामिल होंगे जबकि रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे। ब्रिक्स बैठक खत्म करने के बाद पीएम मोदी 25 अगस्त को ग्रीस की यात्रा करेंगे।

भारतीय समुदाय से करेंगे मुलाकात

आगामी ग्रीस यात्रा को लेकर पीएम मोदी ने अपने एक्स (ट्विटर) हैडल पर लिखा, ‘25 अगस्त को मैं ग्रीस का दौरा करूंगा, एक ऐसा देश जिसके साथ भारत के सदियों से सभ्यतागत संपर्क रहे हैं। मैं ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस से बातचीत के लिए उत्सुक हूं। मैं वहां भारतीय समुदाय से भी बातचीत करूंगा।’

शी जिनपिंग और पीएम मोदी की हो सकती है मुलाकात

ब्रिक्स बैठक को लेकर ज्यादा जानकारी देते हुए भारत के विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि ब्रिक्स की सदस्यता बढ़ाने को लेकर भारत सकारात्मक मानसिकता और खुला सोच रखता है। इस बारे में सभी सदस्यों के बीच आम सहमति बनने पर फैसला होगा। क्वात्रा ने आगे बताया कि 22 अगस्त, 2023 को पीएम मोदी ब्रिक्स नेताओं के साथ रात्रिभोज में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वहां चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भी होंगे।

यह होगा पीएम मोदी का शेड्यूल

- पीएम मोदी मंगलवार सुबह रवाना हुए हैं।

- मंगलवार को ही पीएम मोदी ब्रिक्स नेताओं के साथ रात्रिभोज में हिस्सा लेंगे।

- रात्रिभोज में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल होंगे।

- दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय स्तर पर बातचीत होने की संभावना है।

- इस बार पीएम मोदी की ब्राजील के नए राष्ट्रपति लुला दा सिल्वा से पहली मुलाकात संभव है।

- 24 अगस्त को अफ्रीकी देशों की एक विशेष बैठक होगी, जिसमें पीएम मोदी भी शामिल होंगे।

- बैठक में तकरीबन 40 छोटे-बड़े देशों के राष्ट्र प्रमुखों के हिस्सा लेने की संभावना है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।