उप्र के औद्योगिक जनपद गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह उत्कृष्ट सेवा मेडल से सम्मानित

<p><em>77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के औद्योगिक जनपद यानी गौतमबुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को सराहनीय और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया है। लक्ष्मी सिंह को समूचे क्षेत्र में अपराधियों की नकेल कसने विशेषतौर ड्रग माफिया के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए पहचाना जाता है। उनके बारे में आम राय बन चुकी है कि वे आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने वाली महिला पुलिस अधिकारी हैं। उनकी इन्हीं उपलब्धियों कारण उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सम्मानित किया गया है।</em></p>

उप्र के औद्योगिक जनपद गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह उत्कृष्ट सेवा मेडल से सम्मानित
15-08-2023 - 10:37 PM
21-04-2026 - 12:04 PM

लखनऊ के आईईटी कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने वाली लक्ष्मी को उत्कृष्ट सेवा मेडल मिलने से सम्मानित किये जाने रक उनके कॉलेज के साथी काफी गौरवान्वित अनुभव कर रहे हैं। आईईटी लखनऊ एल्युम्नी एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन कुमार, उपाध्यक्ष नितीश सिन्हा और महासचिव अनुपमा सिंह ने लक्ष्मी सिंह को उत्कृष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किये जाने पर बधाई दी है और उनके (लक्ष्मी सिंह) के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इन लोगों का कहना है कि लक्ष्मी सिंह एक कठोर व अनुशासित पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत नारी हैं।  वे नित नयी सफलता की ऊंचाइयां छुएं और सफलताएं प्राप्त करें ऐसी कामना है। आईईटी लखनऊ एल्युम्नी एसोसिएशन को लक्ष्मी सिंह की सफलता पर गर्व है।
सीनियर आईपीएस लक्ष्मी सिंह को पूर्व में भी अनेक सम्मान और पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्हें 26 जनवरी 2016 को राष्ट्रपति पदक से नवाज़ा गया था। इसके बाद 15 अगस्त 2020 को पुलिस महानिदेशक की सिल्वर कमेंडेशन डिस्क, 15 अगस्त 2021 को गोल्ड डिस्क और सीएमओ मेडल दिया गया था। बीते वर्ष लक्ष्मी सिंह को पुलिस महानिदेशक ने प्लेटिनम कमेंडेशन डिस्क देकर सम्मानित किया था।

उल्लेखनीय है कि लक्ष्मी सिंह वर्ष 2000 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 2 मई 1974 को हुआ था। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर से पहले लखनऊ रेंज में इंस्पेक्टर जनरल के पद पर कार्य किया। उन्हें प्रशिक्षण के दौरान हैदराबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल एकेडमी में सर्वश्रेष्ठ प्रोफेशनल का खिताब मिला था। इसके बाद लक्ष्मी सिंह को प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने सम्मानित किया था। प्रधानमंत्री ने उनको सिल्वर बेसन और गृहमंत्री ने उनको पिस्टल बतौर अवार्ड दिए थे।
बता दें कि लक्ष्मी सिंह की गिनती उत्तर प्रदेश पुलिस के तेज तर्रार अफसर के तौर पर होती है। वे नोएडा पुलिस कमिश्नर से पहले लखनऊ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक थीं। उन्हें वेस्ट यूपी में काम करने का अच्छा अनुभव है। मेरठ की डीआईजी रह चुकी हैं। ऐसा पहली बार है कि गौतमबुद्ध नगर जिले की कमान किसी महिला आईपीएस के हाथों में हैं।

लक्ष्मी सिंह उत्तर प्रदेश के लखनऊ जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा लोरेटो कॉन्वेंट, लखनऊ से की। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की उपाधि प्राप्त की। वे अपने कॉलेज में स्वर्ण पदक विजेता रहीं। इंजीनियरिंग के अलावा उन्होंने समाजशास्त्र में एमए की डिग्री भी हासिल की है। लक्ष्मी सिंह का विवाह लखनऊ जिले के सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक राजेश्वर सिंह से हुआ है, जिनसे उनकी एक बेटी है।  राजेश्वर सिंह भी एक आईपीएस अधिकारी थे और प्रवर्तन निदेशालय के संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।