रामगढ़ बांध में लाया जाएगा पानी...! सीएम अशोक गहलोत ने की बड़ी घोषणा
<p><em><strong>एसएमएस स्टेडियम में अपने संबोधन में सीएम ने जयपुर के रामगढ़ बांध को ईआरसीपी के तहत ईसरदा बांध से पानी लाकर भरने की घोषणा की है। इस पर 1250 करोड़ रुपए खर्च होंगे। </strong></em></p>
देशभर में आज हर्षोल्लास के साथ 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेश में राज्य स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सुबह 9 बजकर 5 मिनट पर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण किया। गहलोत ने ध्वजारोहण के बाद खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। इससे पहले बड़ी चैपड़ पर सुबह 8 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बड़ी चैपड़ पर झंडारोहण किया। सत्ता पक्ष के झंडारोहण करने के बाद नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने सुबह 8ः30 बजे बड़ी चैपड़ पर झंडारोहण किया।
ईसरदा का पानी लाया जाएगा
एसएमएस स्टेडियम में अपने संबोधन में सीएम ने जयपुर के रामगढ़ बांध को ईआरसीपी के तहत ईसरदा बांध से पानी लाकर भरने की घोषणा की है। इस पर 1250 करोड़ रुपए खर्च होंगे। गहलोत ने कहा- रामगढ़ बांध सूख गया। अब इसे वापस भरने की योजना पर काम होगा। रामगढ़ बांध में ईसरदा का पानी लाकर भरने से आंधी, आमेर, चाकसू, गोविंदगढ़, शाहपुरा, विराटनगर, पावटा, कोटपूतली, टोंक अलवर जिले के थानागाजी के लिए पेयजल योजना बनाई जा सकेगी।
ईआरसीपी के 53 और बांधों को जोड़ने की घोषणा
गहलोत ने ईआरसीपी के 53 और बांधों को जोड़ने की घोषणा की है। गहलोत ने कहा- ईआरसीपी की डीपीआर में 26 बांध शामिल किए गए थे। वर्तमान डीपीआर में कई गांव वंचित रह गए थे। अब दौसा, सवाई माधोपुर, करौली, भरतपुर और अलवर जिले के 53 बांधों को ईआरसीपी से जोड़कर उन्हें भरा जाएगा। इससे ईआरसीपी की लागत 1665 करोड़ बढ़ जाएगी। इससे 13 विधानसभा क्षेत्र के 11 लाख किसानों को फायदा होगा।
देश भर में राजस्थान की योजनाओं की चर्चा
समारोह में सीएम अशोक गहलोत ने कहा- आज देश भर में राजस्थान की योजनाओं की चर्चा है। हम 2030 तक राजस्थान को विकसित राज्य बनाने का सपना लेकर विजन 2030 की तैयारी कर रहे हैं। हमने जन कल्याण की एक से एक योजनाएं दी हैं। सोशल सिक्योरिटी के मिनिमम इनकम स्कीम गारंटी कानून लागू कर दिया है। मैंने पीएम मोदी से देश भर में सोशल सिक्योरिटी कानून लागू करने की मांग की है।
महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी
गहलोत ने कहा- हम महिला सुरक्षा पर ध्यान दे रहे हैं। महिलाओं और बालिकाओं से छेड़छाड़ करने वालों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी, इसके लिए हम नियमों में प्रावधान करने जा रहे हैं। हिस्ट्रीशीटरों की जिस तरह थानों में तस्वीर लगती है, उसी तरह महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों की थानों में तस्वीरें लगाकर अलग से रिकॉर्ड रखा जाएगा।
What's Your Reaction?