तख्तापलट की कोशिशों के बाद गायब पुतिन, सिर्फ रिकॉर्डेड भाषण

<p><em><strong>&lsquo;यह हमारे देश और हमारे लोगों की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है। यह बिल्कुल वही झटका है, जो 1917 में रूस को लगा था जब देश ने प्रथम विश्व युद्ध लड़ा था। रूसी प्राइवेट आर्मी वैगनर के प्रमुख प्रिगोजिन गद्दार हैं। जिन्होंने सशस्त्र विद्रोह का रास्ता चुना है, उन्हें कड़ी सजा भुगतनी होगी।&rsquo; यह बयान देने के बाद पुतिन गायब हो गए हैं।&nbsp;</strong></em></p>

तख्तापलट की कोशिशों के बाद गायब पुतिन, सिर्फ रिकॉर्डेड भाषण
28-06-2023 - 06:09 AM
21-04-2026 - 12:04 PM

रूस में शनिवार को तख्तापलट की साजिश के बीच राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने ये रिकॉर्डेड बयान जारी किया गया। इसके कुछ घंटे बाद ही पुतिन के प्रेस सेक्रेटरी कहते हैं कि प्रिगोजिन पर कोई केस नहीं चलेगा। वैगनर आर्मी के विद्रोह के बाद से पुतिन अब तक सार्वजनिक रूप से कहीं दिखाई नहीं दिए हैं। मंगलवार को एक बार फिर से पुतिन का रिकॉर्डेड बयान जारी किया गया। साथ ही, अभी भी वह कहां है इसे लेकर कुछ नहीं बताया गया है।
रूस की प्राइवेट आर्मी के चीफ प्रिगोजिन शुक्रवार सुबह 11 बजे सोशल मीडिया पर कई पोस्ट के जरिए यूक्रेन में युद्ध के औचित्य पर सवाल उठाते हैं। साथ ही, उन्होंने रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु पर यूक्रेन में वैगनर लड़ाकों पर मिसाइल हमले का आदेश देने का आरोप लगाया। रात 9 बजे के आसपास पोस्ट की गई एक वॉयस रिकॉर्डिंग में उन्होंने कहा कि देश के सैन्य नेतृत्व द्वारा पैदा की गई बुराई को रोका जाना चाहिए।
शुक्रवार की आधी रात रूस की सुरक्षा एजेंसियों ने प्रिगोजिन के बयान की निंदा की। रूस की मुख्य खुफिया एजेंसी फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने सशस्त्र विद्रोह के लिए प्रिगोजिन के खिलाफ जांच शुरू की और गिरफ्तारी का आदेश दिया। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सैन्य और राष्ट्रीय गार्ड के बख्तरबंद वाहनों को मॉस्को और रोस्तोव-ऑन-डॉन में तैनात होते हुए दिखाया गया है। प्रिगोजिन ने कहा कि उनके लड़ाके आ रहे हैं।
वैगनर की बगावत, मिलिट्री हैडक्वार्टर पर कब्जा
शनिवार सुबह 7ः30 बजे वैगनर लड़ाकों ने रोस्तोव शहर और मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जा कर लिया। प्रिगोजिन ने एक वीडियो पोस्ट में इसका दावा किया। इसमें वैगनर के लड़ाके प्रमुख चैराहों पर यातायात को नियंत्रित करते हुए और शहर में घूमते हुए दिख रहे थे। इसके बाद वैगनर लड़ाकों और बख्तरबंद वाहनों का काफिला मॉस्को की तरफ कूच करता दिखाई दिया। वह रूस के वोरोनिश क्षेत्र को भी पार कर गया। काफिले ने रास्ते में कई रूसी सैन्य विमानों को मार गिराया।
पुतिन का बयान और रुक गया काफिला
शनिवार सुबह 10 बजे राष्ट्रपति पुतिन देश को संबोधित करते हैं। इसमें वह प्रिगोजिन को गद्दार बताते हुए सख्त कार्रवाई की बात करते हैं। इसके बाद वैगनर लड़ाकों का काफिला मॉस्को से लगभग 400 किमी पहले लिपेत्स्क में रुक गया। शनिवार रात 8ः30 बजे खबर आती है कि बेलारूस के राष्ट्रपति और प्रिगोजिन के बीच एक डील हुई है। इसके तहत प्रिगोजिन ने मॉस्को कूच रोक दिया। इसके बाद प्रिगोजिन एक ऑडियो मैसेज में कहते हैं कि उनकी सेनाएं मॉस्को से 200 किमी पास पहुंच गई थीं और अब लड़ाके अपने ट्रेनिंग कैंप में जाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद वैगनर लड़ाके रोस्तोव शहर छोड़ देते हैं और प्रिगोजिन भी भारी सुरक्षा वाली काली कार से शहर के बाहर जाते नजर आते हैं।
23 साल में सबसे बड़ा संकट, लेकिन रूसी राष्ट्रपति का पता नहीं
रूस में शनिवार को प्राइवेट आर्मी वैगनर के मॉस्को कूच करने के बाद राष्ट्रपति पुतिन ने देश को संबोधित किया। उन्होंने वैगनर चीफ प्रिगोजिन पर धोखा देने का आरोप लगाया। हालांकि 23 साल के शासन की सबसे बड़ी चुनौती के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुतिन अब तक नहीं दिखे थे। इसके बाद पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से बताया गया कि उनके बॉस शनिवार को संकट के समय क्रेमलिन में काम कर रहे थे।
क्या विमान में निकले पुतिन
ट्विटर पर कुछ लोगों ने फ्लाइट रडार प्लेन ट्रैकिंग के हवाले से बताया कि राष्ट्रपति पुतिन के विमान ने मॉस्को से शनिवार दोपहर 2ः16 बजे उड़ान भरी। हालांकि इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि पुतिन कहां गए या वह विमान में थे भी या नहीं। पुतिन के विमान को रडार पर सेंट पीटर्सबर्ग के लिए उड़ान भरते हुए ट्रैक किया गया था, लेकिन टवर शहर के पास वह गायब हो गया।
विजयी स्पीच लेकिन समस्या जस की तस
दो दिन बाद मंगलवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने दूसरी बार देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने फिर से वैगनर लड़ाकों को रूसी सेना में शामिल होने या घर लौट जाने के लिए कहा। रूस से जुड़े एनालिस्ट पावेल फेलगेनहाउर ने पुतिन के देश के नाम दूसरे संबोधन को जनता के लिए विजयी स्पीच जैसा बताया। उन्होंने कहा कि लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि समस्याएं खत्म हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अभी वास्तव में कुछ ठीक नहीं हैं क्योंकि पुतिन ने वैगनर लड़ाकों को रूसी सेना में शामिल होने के लिए कहा था।
वैगनर अभी भी हथियारों के साथ
हालांकि वैगनर लड़ाके ऐसा नहीं कर रहे हैं। वे अभी भी अपने हथियारों के साथ हैं और अच्छी तरह से संगठित हैं। वे इस समय जमीन लड़ाई लड़ने वाले सबसे अच्छे लड़ाकों में से एक हैं। उनका अगला कदम क्या होगा ये साफ नहीं है? फिलहाल उन्हें इस वक्त सबसे ज्यादा खतरा महसूस हो रहा है, लेकिन वे गायब नहीं हुए। इनफ्लुएंशियल मिलिट्री ब्लॉगर यूरी कोटेनोक लिखते हैं कि जब वैगनर के सशस्त्र लड़ाके मॉस्को की तरफ कूच कर रहे थे तो रक्षा मंत्री कहां पर थे? उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई विदेशी दुश्मन इतनी आसानी से राजधानी पर हमला कर सकता है?
पुतिन के करियर का दी एंड!
पुतिन के करीबी लोग उन्हें मार्च 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में खड़े नहीं होने के लिए मनाने की कोशिश कर सकते हैं। शनिवार की घटना ने पुतिन की रूसी रईसों के पैसे और सुरक्षा गारंटर के रूप में छवि को खो दिया है। एक महीने पहले ऐसा कुछ नहीं था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

THE NEWS THIKANA, संपादकीय डेस्क यह द न्यूजठिकाना डॉट कॉम की संपादकीय डेस्क है। डेस्क के संपादकीय सदस्यों का प्रयास रहता है कि अपने पाठकों को निष्पक्षता और निर्भीकता के साथ विभिन्न विषयों के सच्चे, सटीक, विश्वसनीय व सामयिक समाचारों के अलावाआवश्यक उल्लेखनीय विचारों को भी सही समय पर अवगत कराएं।