इम्फाल एयरपोर्ट पर यूएफओ की खबर के बाद रवाना किए गए राफेल लड़ाकू विमान
<p><em><strong>रक्षा सूत्रों ने मीडिया को बताया, ‘इम्फाल हवाई अड्डे के पास यूएफओ के बारे में खबर मिलने के तुरंत बाद नजदीकी एयरबेस से एक राफेल लड़ाकू विमान को यूएफओ की तलाश के लिए भेजा गया...।’</strong></em></p>
इम्फाल हवाई अड्डे के पास रविवार को उड़ती अज्ञात वस्तु देखे जाने की सूचना मिलने के तुरंत बाद भारतीय वायु सेना ने अपना राफेल लड़ाकू विमान उनकी तलाश में रवाना किया। उड़ती अज्ञात वस्तु रविवार दोपहर करीब 2ः30 बजे इम्फाल हवाई अड्डे के ऊपर देखी गई, जिसके बाद कुछ वाणिज्यिक उड़ानों पर भी असर पड़ा। रक्षा सूत्रों ने मीडिया को बताया, ‘इम्फाल हवाई अड्डे के पास यूएफओ के बारे में खबर मिलने के तुरंत बाद नजदीकी एयरबेस से एक राफेल लड़ाकू विमान को इसकी तलाश के लिए भेजा गया।’
उन्होंने बताया, ‘अत्याधुनिक सेंसरों से लैस विमान ने यूएफओ की तलाश के लिए संदिग्ध क्षेत्र में काफी नीचे उड़ान भरी, लेकिन उसे वहां कुछ नहीं मिला।’ उन्होंने यह भी बताया कि पहले विमान के लौट आने के बाद एक और राफेल लड़ाकू विमान भेजा गया था, लेकिन पूरे इलाके में कहीं कोई यूएफओ नहीं दिखा। उन्होंने कहा, ‘संबद्ध एजेंसियां घटना के बारे में विस्तार से जानकारी पाने की कोशिश कर रही हैं, क्योंकि इम्फाल हवाई अड्डे पर यूएफओ के वीडियो सामने आए हैं।’
एयर डिफेंस रेस्पॉन्स मैकेनिज्म को सक्रिय किया
इम्फाल हवाई अड्डे से उड़ानों को मंजूरी मिल जाने के तुरंत बाद आईएएफ की शिलॉन्ग मुख्यालय वाली पूर्वी कमान ने कहा कि उन्होंने एयर डिफेंस रेस्पॉन्स मैकेनिज्म को सक्रिय कर दिया है, हालांकि उन्होंने उठाए गए कदमों के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं दी। भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों को पश्चिम बंगाल के हाशीमारा एयरबेस पर तैनात किया गया है और वे पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न हवाई अड्डों से चीन सीमा के साथ-साथ उड़ान भरते रहते हैं। राफेल लड़ाकू विमानों ने हाल ही में चीन सीमा पर मेगा वायुसेना अभ्यास ‘पूर्वी आकाश’ में भी हिस्सा लिया था।
What's Your Reaction?